Samachar Post रिपोर्टर, जामताड़ा : जिले में अवैध बालू खनन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खनन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अजय नदी से बालू लोड कर रहे एक ट्रैक्टर को जब्त किया है। यह कार्रवाई जामताड़ा थाना क्षेत्र के कटंकी श्मशान घाट के समीप की गई, जहां नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (NGT) की रोक के बावजूद बालू का अवैध उठाव किया जा रहा था।
गुप्त सूचना पर हुई छापेमारी
जानकारी के अनुसार, माइनिंग इंस्पेक्टर अखिलेश कुमार को सूचना मिली थी कि अजय नदी के कटंकी श्मशान घाट के पास अवैध रूप से बालू की निकासी की जा रही है। सूचना के आधार पर उनके नेतृत्व में विशेष टीम का गठन कर छापेमारी की गई। खनन विभाग की टीम को मौके पर पहुंचता देख ट्रैक्टर चालक और वाहन मालिक ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गए। इसके बाद टीम ने बालू लदे ट्रैक्टर को जब्त कर आगे की कार्रवाई के लिए जामताड़ा थाना के हवाले कर दिया।

यह भी पढ़ें: डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर भाजपा ने दी श्रद्धांजलि, उनके आदर्शों पर चलने का लिया संकल्प
अवैध खनन के खिलाफ सख्त कार्रवाई
खनन विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध बालू खनन और परिवहन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विभाग द्वारा लगातार विभिन्न थाना क्षेत्रों में छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है ताकि अवैध खनन गतिविधियों पर रोक लगाई जा सके। लगातार हो रही कार्रवाई से अवैध बालू कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप की स्थिति है। विभाग का कहना है कि भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

