Samachar Post रिपोर्टर, जमशेदपुर : टेल्को थाना क्षेत्र के जेम्को बाजार में शनिवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक युवक पर करीब 20 से 25 लोगों ने मिलकर जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने युवक को धारदार हथियार और लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक की पहचान मछुआ बस्ती निवासी कृष्णा मछुआ के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
बाजार में मची अफरा-तफरी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कृष्णा उस समय जेम्को बाजार में खाना खाने गया था, तभी अचानक बड़ी संख्या में लोग वहां पहुंचे और उस पर हमला कर दिया। हमले के दौरान बाजार में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। हमले के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर युवक को किसी तरह हमलावरों से छुड़ाया। भीड़ जुटते देख सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
पुरानी रंजिश का शक
परिजनों का आरोप है कि यह हमला पुरानी दुश्मनी का नतीजा है। बताया जा रहा है कि कृष्णा का कुछ लोगों से लंबे समय से विवाद चल रहा था, जिसके चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया। परिजनों के अनुसार, कृष्णा पहले एक हत्या के मामले में जेल में बंद था और लगभग चार महीने पहले जमानत पर बाहर आया था। वह कोर्ट में पेशी के लिए हाल ही में जमशेदपुर आया था।
यह भी पढ़ें: रांची में घरेलू गैस सिलेंडर 1000 रुपये के करीब, रसोई का बजट बिगड़ा
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही टेल्को थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।