Samachar Post रिपोर्टर, गिरिडीह : जमीन और राजस्व से जुड़े कार्यों के लिए अब जिलेवासियों को अंचल कार्यालयों के बार-बार चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। जिला प्रशासन ने लोगों को उनके घर के नजदीक ही राजस्व सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देश पर 9 जून से जिले के सभी अंचलों में हल्कावार विशेष राजस्व शिविर आयोजित किए जाएंगे। इस विशेष अभियान के तहत जिले की 129 पंचायतों में शिविर लगाकर भूमि और राजस्व से संबंधित लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन किया जाएगा। प्रशासन का उद्देश्य सरकारी सेवाओं को ग्रामीणों तक पहुंचाना और उनकी समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान सुनिश्चित करना है।
शिविर में होंगे जमीन से जुड़े कई कार्य
विशेष राजस्व शिविरों में दाखिल-खारिज (म्यूटेशन), जमाबंदी सुधार, भू-लगान से संबंधित मामलों, भूमि अभिलेखों में त्रुटि सुधार, ऑनलाइन लगान रसीद निर्गत करने, भूमि सीमांकन और भूमि विवाद से जुड़े आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। इसके अलावा राजस्व विभाग से संबंधित अन्य मामलों का भी निपटारा किया जाएगा। ग्रामीण सीधे शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रख सकेंगे, जहां त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
लंबित मामलों के निष्पादन पर विशेष जोर
उपायुक्त रामनिवास यादव ने सभी अंचल अधिकारियों और राजस्व कर्मियों को निर्देश दिया है कि शिविरों में प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन किया जाए। साथ ही प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट जिला प्रशासन को उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि अभियान की लगातार निगरानी की जा सके। प्रशासन को उम्मीद है कि इस पहल से वर्षों से लंबित कई मामलों का समाधान तेजी से हो सकेगा और लोगों को समय पर सेवाओं का लाभ मिलेगा।
सभी अंचलों में आयोजित होंगे शिविर
जिले के बेंगाबाद, पीरटांड़, बगोदर, सरिया, तिसरी, गांडेय, डुमरी, बिरनी, गिरिडीह सदर, देवरी, धनवार, गावां और जमुआ अंचल की पंचायतों में निर्धारित तिथियों पर शिविर लगाए जाएंगे। पंचायत भवन, विद्यालय परिसर, आंगनबाड़ी केंद्र और अन्य चिन्हित स्थानों को शिविर स्थल बनाया गया है ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें।
यह भी पढ़ें: बिहार विधान परिषद चुनाव: नामांकन का आखिरी दिन, RJD के उम्मीदवार पर बना सस्पेंस
दस्तावेजों के साथ पहुंचने की अपील
उपायुक्त ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे भूमि एवं राजस्व संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए निर्धारित तिथि और स्थान पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में पहुंचें। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का लक्ष्य राजस्व सेवाओं को आम लोगों के द्वार तक पहुंचाना और लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करना है। इस अभियान से जिले के हजारों ग्रामीण परिवारों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।