Samachar Post रिपोर्टर, जमशेदपुर : गोलमुरी थाना क्षेत्र के गाढ़ाबासा स्थित मदन चक्की के पास एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान फ्रांसिस बाकची उर्फ सोनू के रूप में हुई है, जो किराये के मकान में रहकर नौकरी करता था। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
घर में चल रही थी शादी की तैयारी
जानकारी के अनुसार, फ्रांसिस पहले एयरबेस लॉजिस्टिक्स में कार्यरत था और वर्तमान में गम्हरिया स्थित बीएमडब्ल्यू आईएसएल यार्ड में काम कर रहा था। उसकी शादी परसुडीह के करणडीह क्षेत्र की एक युवती से तय हुई थी। परिवार में विवाह की तैयारियां चल रही थीं और जल्द ही शादी होने वाली थी।
यह भी पढ़ें: गिरिडीह में दिल दहला देने वाली घटना, पिता पर तीन बेटियों की हत्या का आरोप
आर्थिक परेशानियों से था तनावग्रस्त
परिजनों के मुताबिक, फ्रांसिस पिछले कुछ समय से आर्थिक तंगी और निजी कारणों से मानसिक तनाव में था। बताया जाता है कि उसका एक पूर्व वैवाहिक संबंध भी टूट चुका था। आगामी शादी के खर्चों को लेकर वह चिंतित रहता था। आर्थिक जरूरतों को पूरा करने के लिए उसने अपनी मारुति डिजायर कार भी करीब दो लाख रुपये में बेच दी थी। मृतक के भाई रॉबर्ट बाकची ने बताया कि रविवार तड़के करीब 2:30 बजे फ्रांसिस ने अपनी बहन के मोबाइल पर एक संदेश भेजा था। संदेश में उसने अपनी परिस्थितियों और परेशानियों का जिक्र किया था। इसके कुछ घंटे बाद उसकी मौत की सूचना परिवार को मिली।
जांच में जुटी पुलिस
स्थानीय लोगों का कहना है कि फ्रांसिस पिछले कई दिनों से काफी तनाव में दिखाई दे रहा था। हालांकि उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा अभी नहीं हो पाया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच जारी है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।