जमानत मिलते ही जेल गेट से फिर गिरफ्तार हुए 4 आरोपी, पचंबा पुलिस की कार्रवाई पर उठे सवाल

Rupa Kumari | June 5, 2026

Samachar Post रिपोर्टर, गिरिडीह : व्यवहार न्यायालय से जमानत मिलने के कुछ ही घंटों बाद चार आरोपियों को दोबारा गिरफ्तार किए जाने का मामला सामने आया है। जेल से रिहा होते ही हुई इस कार्रवाई ने पचंबा थाना पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर नई बहस छेड़ दी है। जानकारी के अनुसार, अमित विश्वकर्मा, मनजीत पासवान, किशोर कुमार और आकाश हांडी को पचंबा थाना कांड संख्या 15/26 में न्यायालय से जमानत मिली थी। गुरुवार को कानूनी प्रक्रिया पूरी कर जैसे ही चारों गिरिडीह मंडल कारा से बाहर निकले, पहले से मौजूद पचंबा थाना पुलिस ने उन्हें दोबारा हिरासत में ले लिया। पचंबा थाना प्रभारी राजीव कुमार ने पुनः गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि कार्रवाई कांड संख्या 16/26 के तहत की गई है।

निकाय चुनाव के दौरान हुई हिंसा से जुड़ा मामला

मामला इसी वर्ष निकाय चुनाव के दौरान बक्सीडीह इलाके में हुई हिंसक झड़प और दोहरे हत्याकांड से जुड़ा है। उस घटना में गोली लगने से पिता-पुत्र की मौत हो गई थी, जिसके बाद पूरे इलाके में तनाव फैल गया था। घटना के बाद मृतकों के परिजनों की शिकायत पर वार्ड पार्षद प्रतिनिधि शिवम आजाद उर्फ शिवम श्रीवास्तव समेत कई लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया था। वहीं, कानून-व्यवस्था और हिंसा से जुड़े पहलुओं को लेकर पुलिस ने भी अलग से एक दूसरा मामला दर्ज किया था। पुलिस का कहना है कि जिन चार आरोपियों को दोबारा गिरफ्तार किया गया है, उनकी गिरफ्तारी उसी दूसरे मामले में की गई है और यह पूरी तरह कानूनी प्रक्रिया के तहत हुई कार्रवाई है।

यह भी पढ़ें: रामपुर गोलीकांड के विरोध में भाकपा माले का प्रदर्शन आज, डंडा क्षेत्र के पांच गांवों में धारा 144 लागू

कार्रवाई पर उठ रहे सवाल

जेल से रिहा होने के तुरंत बाद हुई गिरफ्तारी को लेकर स्थानीय स्तर पर कई सवाल उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि यदि दूसरे मामले में भी आरोपियों की संलिप्तता थी, तो गिरफ्तारी पहले क्यों नहीं की गई। वहीं पुलिस का पक्ष है कि दोनों मामले अलग-अलग कांड संख्या में दर्ज हैं और प्रत्येक मामले में साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल चारों आरोपियों को संबंधित मामले में न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई के लिए प्रस्तुत किया जा रहा है। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।

Share this news

संबंधित खबरें