Samachar Post रिपोर्टर,गढ़वा :पलामू जिले के रामपुर में हाल ही में हुई गोलीबारी की घटना के विरोध में भाकपा माले द्वारा शुक्रवार को विरोध प्रदर्शन आयोजित किया जा रहा है। प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। सुरक्षा व्यवस्था के तहत गढ़वा जिले के डंडा थाना क्षेत्र के पांच गांवों में निषेधाज्ञा (धारा 144) लागू कर दी गई है। जानकारी के अनुसार, विरोध प्रदर्शन में बिहार और झारखंड के कई राजनीतिक नेताओं के शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रम में निरसा से विधायक अरुप चटर्जी और बगोदर के पूर्व विधायक विनोद सिंह के शामिल होने की सूचना है। प्रदर्शन को लेकर आसपास के इलाकों में राजनीतिक गतिविधियां भी तेज हो गई हैं।
यह भी पढ़ें :जामताड़ा में ट्रेलर की टक्कर से मजदूर की मौत, मुआवजे की मांग पर 4 घंटे तक हाईवे जाम
कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन अलर्ट
संभावित भीड़ और कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने डंडा थाना क्षेत्र में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। बड़ी संख्या में पुलिस बलों की तैनाती की गई है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके। सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को मौके पर तैनात किया गया है। क्षेत्र में एसडीएम, एसडीपीओ, चार पुलिस इंस्पेक्टर और कई थाना प्रभारियों की ड्यूटी लगाई गई है। अधिकारियों द्वारा लगातार स्थिति पर नजर रखी जा रही है और सभी गतिविधियों की मॉनिटरिंग की जा रही है।
लोगों से शांति बनाए रखने की अपील
पुलिस और प्रशासन की ओर से क्षेत्र में लगातार माइकिंग कर लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने का अनुरोध किया है। प्रशासन का कहना है कि प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है और किसी भी तरह की गड़बड़ी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
Reporter | Samachar Post