Samachar Post रिपोर्टर,धनबाद :शहर के कोहिनूर मैदान स्थित ईवीएम वेयरहाउस का सोमवार को जिला प्रशासन और निर्वाचन विभाग की मौजूदगी में त्रैमासिक निरीक्षण किया गया। इस दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान वेयरहाउस के सभी कक्ष खोले गए और ईवीएम की सुरक्षा व्यवस्था, रखरखाव तथा अन्य व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच की गई। निरीक्षण के बाद अधिकारियों ने बताया कि वेयरहाउस में रखी सभी इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनें (EVM) पूरी तरह सुरक्षित पाई गईं। सुरक्षा व्यवस्था और रखरखाव की स्थिति को भी संतोषजनक बताया गया।
यह भी पढ़ें :ट्रैक्टर की टक्कर से 23 वर्षीय शिक्षिका की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने NH-320D किया जाम
निर्वाचन आयोग के मानकों के अनुसार हुई जांच
इस समीक्षा में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त आदित्य रंजन, अनुमंडल पदाधिकारी लोकेश बारंगी, मुख्य चुनाव पदाधिकारी के. रवि सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि शामिल रहे। अधिकारियों ने बताया कि निरीक्षण के दौरान निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित सभी मानकों की जांच की गई।

तीन महीने में एक बार होता है ईवीएम वेयरहाउस निरीक्षण
मुख्य चुनाव पदाधिकारी के. रवि ने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार राज्य के सभी जिलों में हर तीन महीने पर ईवीएम वेयरहाउस का निरीक्षण किया जाता है। इसी क्रम में धनबाद सहित झारखंड के सभी जिलों में त्रैमासिक समीक्षा की गई। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य ईवीएम की सुरक्षा, रखरखाव और चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करना है।
सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता: प्रशासन
निरीक्षण के दौरान यह भी बताया गया कि वेयरहाउस भवन का अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) अभी प्राप्त नहीं हुआ है, जिसका उल्लेख विस्तृत रिपोर्ट में किया जाएगा। यह रिपोर्ट निर्वाचन आयोग को भेजी जाएगी। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन प्रक्रिया की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए ईवीएम की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। ऐसे निरीक्षण आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे।

Reporter | Samachar Post

