धनबाद में नकली नमक फैक्ट्री का खुलासा, टाटा और पतंजलि के नाम पर बाजार में हो रही थी बिक्री

Rupa Kumari | June 27, 2026 | 02:01 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, धनबाद : धनसार थाना क्षेत्र में पुलिस ने नकली नमक के अवैध कारोबार का पर्दाफाश करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। गुरु नानक कॉलेज के पास भूदा मुख्य मार्ग स्थित एक दुकान और गोदाम में छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में नकली नमक, पैकिंग सामग्री और ब्रांडेड कंपनियों के रैपर बरामद किए गए हैं। पुलिस को मिली गुप्त सूचना और संबंधित कंपनियों की शिकायत के आधार पर यह छापेमारी की गई। जांच के दौरान अधिकारियों ने पाया कि साधारण नमक को नामी ब्रांडों के पैकेट में भरकर बाजार में असली उत्पाद के रूप में बेचा जा रहा था।

टाटा और पतंजलि ब्रांड के रैपर मिले

छापेमारी में कथित तौर पर टाटा और पतंजलि ब्रांड के नाम से पैक किए गए नमक के पैकेट बरामद हुए। इसके अलावा बड़ी संख्या में खाली रैपर, पैकिंग मशीनें और अन्य सामग्री भी जब्त की गई। पुलिस का आरोप है कि सामान्य नमक को ब्रांडेड उत्पाद बताकर ग्राहकों को बेचा जा रहा था। कार्रवाई के दौरान कारोबारी शुभम अग्रवाल और उनके पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई है। पुलिस मामले से जुड़े दस्तावेजों और बरामद सामग्री की जांच कर रही है ताकि कारोबार के वास्तविक पैमाने का पता लगाया जा सके।

यह भी पढ़ें: SIS विस्तार पर 1 जुलाई को SLC की बैठक, गृह विभाग में होगी अहम चर्चा

सप्लाई नेटवर्क की जांच

प्रारंभिक जांच में संकेत मिले हैं कि नकली नमक की आपूर्ति धनबाद के अलावा आसपास के कई बाजारों में भी की जा रही थी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस कारोबार से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं तथा नकली उत्पाद किन क्षेत्रों में भेजे जा रहे थे। इस कार्रवाई के बाद खाद्य उत्पादों की गुणवत्ता और उपभोक्ता सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। पुलिस ने कहा है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Share this news

संबंधित खबरें