ट्रैक्टर की टक्कर से 23 वर्षीय शिक्षिका की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने NH-320D किया जाम

Meenu | June 29, 2026 | 02:41 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर,चक्रधरपुर :पश्चिमी सिंहभूम जिले के सोनुवा थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 23 वर्षीय शिक्षिका वंदना महतो की मौत हो गई। हादसा चक्रधरपुर–राउरकेला राष्ट्रीय राजमार्ग NH-320D पर निश्चितपुर मैदान और शिशु मंदिर के सामने हुआ, जब वह स्कूल जा रही थीं।

यह भी पढ़ें :अचानक JDU कार्यालय पहुंचे नीतीश कुमार, कार्यकर्ताओं से की मुलाकात, व्यवस्थाओं का लिया जायजा

पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने मारी टक्कर

जानकारी के अनुसार, वंदना महतो, जो निश्चितपुर गांव की निवासी थीं, सोनुवा स्थित एसएस प्लस-टू उच्च विद्यालय में घंटी आधारित शिक्षिका के रूप में कार्यरत थीं। सोमवार सुबह वह पैदल स्कूल जा रही थीं, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। स्थानीय लोगों की मदद से घायल शिक्षिका को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनुवा ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल चाईबासा रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

सड़क हादसे के बाद ग्रामीणों का आक्रोश, NH-320D जाम

घटना की जानकारी फैलते ही इलाके में आक्रोश फैल गया। गुस्साए ग्रामीणों ने सोमवार दोपहर निश्चितपुर के पास NH-320D को जाम कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। प्रदर्शनकारी दोषी चालक की गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग कर रहे थे।

पुलिस जांच में जुटी, सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे

सूचना मिलने पर सोनुवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस ने फरार ट्रैक्टर-ट्रॉली और चालक की तलाश शुरू कर दी है। मामले की जांच सीसीटीवी फुटेज के आधार पर की जा रही है। घटना की सूचना पर पूर्व विधायक सह भाजपा जिला अध्यक्ष गुरुचरण नायक और जेएलकेएम जिलाध्यक्ष करण महतो भी मौके पर पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली। रिपोर्ट लिखे जाने तक ग्रामीणों द्वारा सड़क जाम जारी था।

Share this news

संबंधित खबरें