संजय बोयपोई हत्याकांड का खुलासा, जमीन विवाद में सुपारी देकर कराई गई थी हत्या; पांच आरोपी गिरफ्तार

Rupa Kumari | June 5, 2026

Samachar Post रिपोर्टर, चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर थाना क्षेत्र में हुए संजय बोयपोई हत्याकांड का पुलिस ने चार दिनों के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या के मुख्य साजिशकर्ता सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में हत्या में इस्तेमाल हथियार, कारतूस, मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, 1 जून की रात चक्रधरपुर थाना क्षेत्र के गुईगांव निवासी संजय बोयपोई अपने घर के आंगन में सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात अपराधियों ने उन पर गोली चला दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया था।

एसआईटी बनाकर शुरू की गई जांच

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमित रेणु के निर्देश पर विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल लोकेशन और गुप्त सूचनाओं के आधार पर जांच शुरू की। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उनके नाम सुरेश सोय (20 वर्ष), कप्तान होनहांगा उर्फ टाटा (31 वर्ष), गुने हिन्दु अंगरिया उर्फ मोटा (22 वर्ष), बुधू बोदरा (27 वर्ष) और बिजू चौधरी (31 वर्ष) बताए गए। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त देशी कट्टा, जिंदा कारतूस, दो मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

जमीन विवाद बना हत्या की वजह

चक्रधरपुर के एसडीपीओ बहामन टूटी ने बताया कि जांच में सामने आया है कि मृतक संजय बोयपोई और आरोपी बिजू चौधरी के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। पुलिस के मुताबिक, इसी रंजिश के चलते बिजू चौधरी ने अन्य आरोपियों को सुपारी देकर संजय बोयपोई की हत्या करवाई। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।

यह भी पढ़ें: दलमा और दूधी नाला को भूगर्भीय धरोहर घोषित करने की मांग, सरयू राय ने राज्यपाल और मुख्यमंत्री को लिखा पत्र

पुलिस टीम की सराहना

मामले के त्वरित खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक ने जांच टीम की सराहना की है। पुलिस का कहना है कि तकनीकी जांच, मानव सूचना तंत्र और लगातार छापेमारी अभियान की मदद से इस हत्याकांड का सफलतापूर्वक खुलासा किया गया। फिलहाल सभी आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई के लिए भेजा गया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Share this news

संबंधित खबरें