चाईबासा में अवैध शराब के खिलाफ उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई, 22 लीटर चुलाई शराब जब्त

Rupa Kumari | June 5, 2026 | 04:34 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले में अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने के लिए उत्पाद विभाग का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में गुवा और नोवामुंडी थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर 22 लीटर अवैध चुलाई शराब बरामद की गई है। कार्रवाई के दौरान दो लोगों को गिरफ्तार भी किया गया। उत्पाद निरीक्षक निर्भय कुमार सिन्हा  ने बताया कि गुवा थाना क्षेत्र के बड़ा जामुदा गांव में अवैध चुलाई शराब की बिक्री की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर उत्पाद विभाग की टीम ने छापेमारी की और एक व्यक्ति को शराब बेचते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया। मौके से अवैध शराब भी जब्त की गई।

नोवामुंडी में भी एक आरोपी गिरफ्तार

विभाग की दूसरी टीम ने नोवामुंडी थाना क्षेत्र के कोल्हानहाटी गांव में कार्रवाई की। यहां भी अवैध शराब बिक्री की शिकायत पर छापेमारी की गई, जहां एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। दोनों स्थानों से कुल 22 लीटर चुलाई शराब बरामद हुई। उत्पाद विभाग ने बरामद शराब को जब्त कर लिया है और दोनों आरोपियों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध शराब निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

यह भी पढ़ें: संजय बोयपोई हत्याकांड का खुलासा, जमीन विवाद में सुपारी देकर कराई गई थी हत्या; पांच आरोपी गिरफ्तार

लाइसेंसी दुकानों की भी हुई जांच

अवैध शराब के खिलाफ अभियान के साथ-साथ विभाग ने नोवामुंडी स्थित लाइसेंसी कंपोजिट शराब दुकान का भी औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्टॉक, बिक्री व्यवस्था और संचालन से जुड़े दस्तावेजों की जांच की गई। संचालकों को निर्धारित नियमों का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया गया।

एमआरपी से अधिक वसूली पर होगी कार्रवाई

उत्पाद विभाग ने स्पष्ट किया है कि शराब की बिक्री केवल निर्धारित अधिकतम खुदरा मूल्य (एमआरपी) पर ही की जानी चाहिए। यदि किसी दुकान द्वारा तय मूल्य से अधिक राशि वसूले जाने की शिकायत मिलती है, तो संबंधित संचालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने आम लोगों से भी अपील की है कि अवैध शराब के निर्माण या बिक्री की जानकारी मिलने पर तुरंत प्रशासन को सूचित करें, ताकि समय पर कार्रवाई कर ऐसे कारोबार पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

Share this news

संबंधित खबरें