Samachar Post रिपोर्टर, बोकारो : जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा ने देर रात बालीडीह और माराफारी थाना क्षेत्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने दोनों थाना प्रभारियों को रात्रि गश्ती और सुरक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
रात्रि गश्ती पर विशेष जोर
निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि रात्रि पेट्रोलिंग, टाइगर मोबाइल और रक्षक राइडर की गश्त को और सुदृढ़ किया जाए। उन्होंने कहा कि पुलिस की सक्रिय मौजूदगी से अपराध पर नियंत्रण के साथ-साथ आम लोगों में सुरक्षा की भावना भी मजबूत होगी। एसपी ने अधिकारियों को स्वयं रात में क्षेत्र का भ्रमण करने और संवेदनशील इलाकों पर विशेष नजर रखने का निर्देश दिया। साथ ही चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं की रोकथाम के लिए सतर्क निगरानी बनाए रखने को कहा।

मुहर्रम को लेकर अलर्ट रहने के निर्देश
आगामी मुहर्रम को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। उन्होंने असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने और किसी भी प्रकार की अवांछित गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई करने को कहा। इसके अलावा सोशल मीडिया पर भी नजर रखने और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
यह भी पढ़ें: रांची में आयरन दुकान से एचआर शीट चोरी का प्रयास विफल, दो आरोपी गिरफ्तार
नए थाना प्रभारी के योगदान के बाद निरीक्षण
बताया जा रहा है कि हाल ही में बालीडीह थाना में नए थाना प्रभारी ने योगदान दिया है। इसी क्रम में एसपी ने थाना क्षेत्र का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था और पुलिसिंग की तैयारियों का जायजा लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने और अपराध नियंत्रण के लिए इस तरह के औचक निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

