Samachar Post रिपोर्टर, रांची: उड़ान यात्री कैफे पर सफर करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। अब एयरपोर्ट पर महंगी चाय और स्नैक्स को लेकर ज्यादा चिंता नहीं करनी पड़ेगी। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने रांची एयरपोर्ट पर “उड़ान यात्री कैफे” की शुरुआत की है, जहां बेहद किफायती दरों पर खाने-पीने की चीजें उपलब्ध होंगी।
₹10 में चाय और पानी, ₹20 में स्नैक्स
इस कैफे की सबसे खास बात इसकी कम कीमत है। यहां यात्रियों को ₹10 में चाय और पानी की बोतल मिलेगी, जबकि कॉफी, समोसा और अन्य स्नैक्स करीब ₹20 में उपलब्ध होंगे। एयरपोर्ट पर महंगे खाने-पीने को लेकर अक्सर शिकायतें सामने आती रही हैं। ऐसे में यह पहल यात्रियों को बड़ी राहत देने वाली मानी जा रही है। सरकार का कहना है कि उड़ान यात्री कैफे का उद्देश्य हवाई यात्रा को आम लोगों के लिए अधिक सुविधाजनक और किफायती बनाना है। खासकर टियर-2 और टियर-3 शहरों से यात्रा करने वाले यात्रियों को ध्यान में रखते हुए यह सुविधा शुरू की गई है।
यह भी पढ़ें: विदेश भेजने और नौकरी दिलाने का सपना दिखाकर ठगी का आरोप, सारथी योजना से जुड़े सेंटर पर विवाद
एयरपोर्ट पर शुरू हुई कई नई सुविधाएं
उड़ान यात्री कैफे के साथ-साथ एयरपोर्ट पर यात्रियों के लिए कई अन्य सुविधाएं भी शुरू की गई हैं। इनमें फ्लायब्ररी, बच्चों के लिए किड्स जोन और AVSAR काउंटर शामिल हैं। फ्लायब्ररी में यात्री फ्लाइट का इंतजार करते हुए किताबें पढ़ सकेंगे, जबकि किड्स जोन में बच्चों के खेलने की व्यवस्था की गई है। AVSAR काउंटर पर यात्रियों को एयरपोर्ट और यात्रा से जुड़ी जरूरी जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
यात्रियों को पसंद आ रहा नया बदलाव
एयरपोर्ट आने वाले यात्रियों का कहना है कि रांची एयरपोर्ट अब पहले से ज्यादा “पैसेंजर फ्रेंडली” महसूस हो रहा है। खासकर कम कीमत में मिलने वाला खाना और परिवारों के लिए शुरू की गई सुविधाएं लोगों को काफी पसंद आ रही हैं।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।