Samachar Post रिपोर्टर, रांची: बिरसा मुंडा एयरपोर्ट अब यात्रियों को सिर्फ उड़ान की सुविधा ही नहीं, बल्कि बेहतर और यादगार अनुभव भी देने जा रहा है। एयरपोर्ट पर कई नई आधुनिक सुविधाओं की शुरुआत की जा रही है, जिससे यात्रियों को आराम, मनोरंजन और सुविधा एक साथ मिल सकेगी। बुधवार को एयरपोर्ट परिसर में भगवान बिरसा मुंडा फीचर वॉल और प्रतिमा, UDAN यात्री कैफे, AVSAR काउंटर, किड्स ज़ोन और फ्लायब्ररी का उद्घाटन किया जाएगा। एयरपोर्ट प्रबंधन के अनुसार, इन सुविधाओं के शुरू होने से यात्रियों का सफर पहले से अधिक सुविधाजनक और आनंददायक बनेगा।
एयरपोर्ट पर दिखेगी झारखंड की सांस्कृतिक पहचान
एयरपोर्ट को आधुनिक रूप देने के साथ-साथ झारखंड की संस्कृति और इतिहास को भी खास जगह दी गई है। परिसर में भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा और फीचर वॉल तैयार की गई है, जो राज्य के आदिवासी गौरव और स्वतंत्रता आंदोलन की याद दिलाएगी। यहां आने वाले देश-विदेश के यात्रियों को झारखंड की सांस्कृतिक विरासत की झलक देखने को मिलेगी।
यह भी पढ़ें: अब बिजली बिल से ट्रांसफॉर्मर तक की शिकायत होगी आसान, JBVNL ने जारी किया नया हेल्पलाइन नंबर
अब एयरपोर्ट पर मिलेगा किफायती खाना
यात्रियों के लिए सबसे बड़ी राहत UDAN यात्री कैफे को माना जा रहा है। इस कैफे में कम कीमत पर अच्छा और स्वादिष्ट भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। एयरपोर्ट पर महंगे खाने की शिकायतें अक्सर सामने आती रही हैं, ऐसे में यह सुविधा यात्रियों के लिए काफी फायदेमंद साबित हो सकती है।
फ्लाइट का इंतजार अब होगा और आसान
एयरपोर्ट पर शुरू हो रही फ्लायब्ररी किताब प्रेमियों के लिए खास आकर्षण होगी। फ्लाइट का इंतजार करते समय यात्री यहां बैठकर किताबें पढ़ सकेंगे। एयरपोर्ट प्रबंधन का कहना है कि इससे यात्रियों को शांत और बेहतर माहौल मिलेगा। वहीं छोटे बच्चों के साथ सफर करने वाले परिवारों के लिए किड्स ज़ोन तैयार किया गया है। इस सुरक्षित और आकर्षक जगह पर बच्चे खेल सकेंगे, जिससे फ्लाइट लेट होने की स्थिति में भी उनका समय आसानी से कट सकेगा।
यात्रियों को एक ही जगह मिलेगी पूरी जानकारी
एयरपोर्ट पर AVSAR काउंटर की भी शुरुआत की जा रही है। यहां यात्रियों को फ्लाइट और एयरपोर्ट से जुड़ी जरूरी जानकारी आसानी से मिल सकेगी। किसी भी तरह की सहायता के लिए यात्रियों को अलग-अलग जगह भटकना नहीं पड़ेगा। एयरपोर्ट प्रबंधन का कहना है कि इन नई सुविधाओं का उद्देश्य सिर्फ एयरपोर्ट को आधुनिक बनाना नहीं, बल्कि यात्रियों को बेहतर और पैसेंजर-फ्रेंडली अनुभव देना है। माना जा रहा है कि इन बदलावों के बाद रांची एयरपोर्ट की पहचान देश के आधुनिक और सुविधाजनक एयरपोर्ट्स में और मजबूत होगी।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।