Samachar Post रिपोर्टर, रांची: झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड यानी JBVNL ने बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए नया “जन समस्या निवारण केंद्र” शुरू किया है। इसके साथ ही विभाग ने नया हेल्पलाइन नंबर 9031110120 जारी किया है, जिस पर उपभोक्ता सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक शिकायत दर्ज करा सकेंगे। इस नई व्यवस्था के तहत बिजली बिल में गड़बड़ी, ट्रांसफॉर्मर खराब होने, लो वोल्टेज, बिजली कटौती और तार से जुड़ी समस्याओं की शिकायत आसानी से दर्ज कराई जा सकेगी। उपभोक्ता फोन के अलावा सीधे केंद्र पहुंचकर भी अपनी समस्या बता सकते हैं।
डोरंडा के कुसई कॉलोनी में शुरू हुआ केंद्र
नया शिकायत निवारण केंद्र रांची के डोरंडा स्थित कुसई कॉलोनी में खोला गया है। यहां शिकायतों के समाधान के लिए अलग टीम तैनात की गई है। केंद्र में सीनियर मैनेजर, मैनेजर समेत अन्य कर्मचारी मौजूद रहेंगे, जो शिकायतों को संबंधित विभाग तक पहुंचाकर समाधान सुनिश्चित करेंगे।
यह भी पढ़ें: गिरिडीह में पुल के नीचे नाबालिग किशोरी का शव मिलने से सनसनी, पुलिस जांच में जुटी
पहले दिन ही मिलीं 100 शिकायतें
JBVNL अधिकारियों के अनुसार केंद्र शुरू होने के पहले ही दिन करीब 100 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें बिजली सप्लाई बाधित होने, बिलिंग में गड़बड़ी और बिजली तार बदलने जैसी समस्याएं शामिल रहीं। विभाग का दावा है कि इनमें से करीब 30 प्रतिशत शिकायतों का तुरंत समाधान भी कर दिया गया।
नौकरीपेशा लोगों को ध्यान में रखकर तय किया गया समय
विभाग का कहना है कि शिकायत दर्ज कराने का समय सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक इसलिए रखा गया है ताकि कामकाजी लोग ऑफिस जाने से पहले या लौटने के बाद आसानी से अपनी शिकायत दर्ज करा सकें। भविष्य में इस सेवा को 24×7 करने की तैयारी भी चल रही है। JBVNL ने स्पष्ट किया है कि नया हेल्पलाइन नंबर शुरू होने के बावजूद पुराने नंबर भी पहले की तरह काम करते रहेंगे। उपभोक्ता 1912 और 1800-345-6570 जैसे हेल्पलाइन नंबरों पर भी संपर्क कर सकते हैं। विभाग का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य उपभोक्ताओं को त्वरित राहत देना और शिकायत समाधान प्रक्रिया को अधिक आसान बनाना है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।