Samachar Post रिपोर्टर, रांची: रांची के बेड़ों इलाके से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां 18 वर्षीय युवक ने हाईटेंशन बिजली टावर पर चढ़कर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। मृतक की पहचान बिरसा उरांव के रूप में हुई है, जो गुमला जिले के भरनो थाना क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है। शुरुआती जानकारी के अनुसार युवक का प्रेम प्रसंग चल रहा था और किसी बात को लेकर प्रेमी-प्रेमिका के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद युवक ने यह खौफनाक कदम उठा लिया।
सुबह ग्रामीणों ने देखा टावर से लटका शव
घटना का पता उस समय चला जब सुबह स्थानीय ग्रामीणों की नजर बिजली के टावर पर पड़ी। लोगों ने देखा कि एक युवक का शव टावर से लटका हुआ है। यह दृश्य देखते ही इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। मामला हाईटेंशन लाइन से जुड़ा होने के कारण पुलिस ने पहले बिजली विभाग से संपर्क कर विद्युत आपूर्ति बंद करवाई। इसके बाद सावधानीपूर्वक शव को नीचे उतारा गया।
यह भी पढ़ें: रांची एयरपोर्ट का बदला अंदाज, यात्रियों को मिलेगा सस्ता खाना और बच्चों के लिए खास ज़ोन
प्रेम प्रसंग के एंगल से जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शुरुआती जांच में प्रेम प्रसंग और आपसी विवाद की बात सामने आ रही है। पुलिस युवक के परिजनों, दोस्तों और परिचितों से पूछताछ कर रही है, ताकि घटना के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाया जा सके। यदि आप या आपका कोई परिचित मानसिक तनाव से जूझ रहा है, तो परिवार, दोस्तों या विशेषज्ञ से मदद लेना बेहद जरूरी है। भारत में मानसिक स्वास्थ्य सहायता के लिए हेल्पलाइन सेवाएं भी उपलब्ध हैं।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।