हजारीबाग में ओल्ड बायपास के चौड़ीकरण पर 107 करोड़ खर्च, बदलेगी शहर की ट्रैफिक व्यवस्था

Rupa Kumari | May 20, 2026 | 03:35 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, हजारीबाग: हजारीबाग के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। लंबे समय से जाम और खराब सड़क की समस्या से जूझ रहे शहरवासियों को अब जल्द बेहतर सड़क सुविधा मिलने वाली है। भारत माता चौक से सिंदूर बायपास फोरलेन तक सड़क पुनर्निर्माण, मजबूतीकरण और चौड़ीकरण परियोजना का शिलान्यास कर दिया गया है। करीब 107 करोड़ रुपये की लागत वाली यह परियोजना शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को काफी हद तक बदलने वाली मानी जा रही है।

सांसद और विधायक ने किया शिलान्यास

परियोजना का शिलान्यास मनीष जायसवाल, विधायक प्रदीप प्रसाद, जिप अध्यक्ष उमेश मेहता, महापौर अरविंद कुमार और अन्य जनप्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों में उत्साह देखने को मिला। लोगों ने कहा कि इस सड़क की मांग लंबे समय से की जा रही थी।

यह भी पढ़ें: रांची में मोबाइल लूट कांड का खुलासा, पुलिस ने दो बदमाशों समेत किशोर को पकड़ा

9.8 किलोमीटर लंबी सड़क से मिलेगा फायदा

बताया गया कि केंद्रीय सड़क एवं अवसंरचना निधि (CRIF) योजना के तहत करीब 9.8 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण किया जाएगा। यह सड़क मासीपीढ़ी, आर्यानगर, पतरातु, कोलंबस कॉलेज मोड़, बस स्टैंड चौक, चुरचू रोड, डिस्ट्रिक्ट मोड़, विकास नगर और सिंदूर बायपास जैसे इलाकों को जोड़ेगी। सड़क चौड़ी होने के बाद भारी वाहनों और शहर के अंदर के ट्रैफिक का दबाव कम होने की उम्मीद है।

जाम से मिलेगी राहत

हजारीबाग में बस स्टैंड, बायपास और प्रमुख चौक-चौराहों पर रोज जाम की स्थिति बनती है। लोगों को छोटी दूरी तय करने में भी काफी समय लग जाता है। नई सड़क बनने के बाद शहर के भीतर ट्रैफिक का दबाव कम होगा और सफर पहले की तुलना में आसान और तेज हो जाएगा।

सड़क के साथ होगा सौंदर्यीकरण

परियोजना में सड़क चौड़ीकरण के साथ-साथ इलाके के सौंदर्यीकरण पर भी ध्यान दिया जाएगा। सड़क किनारे स्ट्रीट लाइट लगाई जाएंगी, जिससे रात में भी लोगों को सुरक्षित आवाजाही की सुविधा मिलेगी। स्थानीय व्यापारियों का मानना है कि बेहतर सड़क बनने से कारोबार को भी फायदा होगा और आवाजाही आसान होने से व्यापारिक गतिविधियां बढ़ेंगी।

डेढ़ साल से चल रही थी तैयारी

मनीष जायसवाल  ने कहा कि इस परियोजना को जमीन पर उतारने के लिए पिछले डेढ़ साल से लगातार प्रयास किए जा रहे थे। उन्होंने कहा कि सड़क बनने के बाद हजारीबाग की ट्रैफिक व्यवस्था पहले से काफी बेहतर हो जाएगी। कार्यक्रम में मौजूद जनप्रतिनिधियों ने नरेंद्र मोदी और नितिन गडकरी का भी आभार जताया।

Share this news

संबंधित खबरें