Samachar Post रिपोर्टर,गढ़वा : गढ़वा जिले के मेराल थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे में फुआ और भतीजे की डूबने से मौत हो गई। घटना चामा पंचायत के गोबरदहा गांव स्थित हड़वड़िया डैम की है। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। जानकारी के अनुसार, गोबरदहा गांव निवासी अजीमुद्दीन खान की 13 वर्षीय बेटी जैनाब खातून अचानक डैम के गहरे पानी में डूबने लगी। उसे बचाने के लिए रिश्ते में भतीजा सोहेल खान बिना अपनी जान की परवाह किए पानी में कूद पड़ा। हालांकि गहराई अधिक होने के कारण दोनों पानी में समा गए।
दो घंटे बाद निकाले गए शव
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। मेराल सीओ यशवंत नायक और थाना प्रभारी विष्णुकांत मौके पर पहुंचे। स्थानीय गोताखोरों की मदद से करीब दो घंटे तक सर्च अभियान चलाया गया, जिसके बाद दोनों के शव पानी से बाहर निकाले गए। इसके बाद दोनों को गढ़वा सदर अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
यह भी पढ़ें: उत्पाद सिपाही पेपर लीक केस में बड़ा खुलासा, बिहार से एक और आरोपी गिरफ्तार
पूर्व मंत्री पहुंचे, मदद का भरोसा
घटना की सूचना मिलने के बाद झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार को सांत्वना दी और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। वहीं मुखिया शंभू राम ने कहा कि सरकारी प्रावधान के तहत पीड़ित परिवार को आपदा राहत मुआवजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।