शादी समारोह में बड़ा हादसा, करंट लगने से टेंट कर्मी की मौत

Rupa Kumari | May 7, 2026 | 02:03 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर,पश्चिमी सिंहभूम : पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर प्रखंड स्थित चिड़िया ओपी क्षेत्र के लोड़ो अंकुवा गांव में शादी समारोह के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। शामियाना लगाने के दौरान करंट लगने से एक टेंट कर्मी की मौत हो गई, जिसके बाद शादी का माहौल मातम में बदल गया।

शामियाना बांधने के दौरान हुआ हादसा

मृतक की पहचान 28 वर्षीय रॉबर्ट बागे के रूप में हुई है। वह मनोहरपुर थाना क्षेत्र के साइडिंग पुरानापानी गांव का रहने वाला था और टेंट वर्कर के तौर पर काम करता था। जानकारी के अनुसार, रॉबर्ट लोहे की सीढ़ी पर चढ़कर नंगे पांव शामियाना का कपड़ा बांध रहा था। इसी दौरान उसका हाथ ऊपर से गुजर रहे बिजली के तार की चपेट में आ गया।

यह भी पढ़ें: साहिबगंज में बंद घर में चल रही थी मिनी गन फैक्ट्री, बिहार-झारखंड पुलिस की संयुक्त रेड में खुलासा

करंट लगते ही मची अफरा-तफरी

तेज करंट लगने के बाद रॉबर्ट बागे लोहे की सीढ़ी पर ही चिपक गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत बिजली आपूर्ति बंद कर उसे नीचे उतारा। गंभीर हालत में रॉबर्ट को मनोहरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। परिवार में मचा कोहराम इस हादसे के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है। वहीं स्थानीय लोगों ने प्रशासन से बिजली सुरक्षा को लेकर ठोस कदम उठाने और खुले तारों की निगरानी बढ़ाने की मांग की है।

Share this news

संबंधित खबरें