Samachar Post रिपोर्टर, रांची :रांची में झारखंड उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा के कथित पेपर लीक मामले में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। मामले की जांच कर रही विशेष टीम ने बिहार के सहरसा जिले में छापेमारी कर आरोपी अमृत राज उर्फ बुलबुल को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी EPFO के सिलीगुड़ी कार्यालय में क्लर्क के पद पर कार्यरत था।
यह भी पढ़ें :बसीरहाट में फिर भड़की हिंसा, भाजपा कार्यकर्ता पर फायरिंग से बढ़ा तनाव
पहले गिरफ्तार आरोपियों से मिला था सुराग
रांची पुलिस ने बताया कि पहले गिरफ्तार किए गए आरोपियों से पूछताछ के दौरान अमृत राज का नाम सामने आया था। इसके बाद से पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी। सूचना मिली थी कि आरोपी अपने घर सहरसा आया हुआ है। इसी आधार पर पुलिस की विशेष टीम ने वहां छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
रिमांड पर लेकर होगी पूछताछ
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को रांची लाया गया, जहां कोर्ट में पेशी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस अब उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ करने की तैयारी कर रही है, ताकि पेपर लीक नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और पूरे गिरोह की जानकारी जुटाई जा सके। मामले पर रांची के हेडक्वार्टर डीएसपी वन अमर पांडेय ने कहा कि जांच के दौरान अमृत राज की भूमिका सामने आई थी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार किया गया।
11 अप्रैल को हुई थी बड़ी कार्रवाई
गौरतलब है कि 11 अप्रैल को रांची जिले के तमाड़ थाना क्षेत्र स्थित रडगांव के एक अर्धनिर्मित नर्सिंग कॉलेज में पुलिस ने बड़ी छापेमारी की थी। इस कार्रवाई में कथित सॉल्वर गैंग के सदस्यों समेत 159 अभ्यर्थियों को गिरफ्तार किया गया था। जांच में खुलासा हुआ था कि परीक्षा से पहले अभ्यर्थियों को संभावित प्रश्नों के उत्तर याद कराए जा रहे थे। आरोपियों ने दावा किया था कि 12 अप्रैल को होने वाली परीक्षा में वही प्रश्न पूछे जाएंगे। इसके बदले प्रत्येक अभ्यर्थी से करीब तीन लाख रुपये वसूले गए थे।
अब तक 166 आरोपी भेजे जा चुके हैं जेल
इस मामले में अब तक कुल 166 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। पुलिस अलग-अलग राज्यों में छापेमारी कर पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है। जांच एजेंसियों को आशंका है कि इस गिरोह के तार कई राज्यों तक फैले हो सकते हैं।
Reporter | Samachar Post