Samachar Post रिपोर्टर,सरायकेला: सरायकेला के चांडिल अनुमंडल अंतर्गत कपाली ओपी क्षेत्र स्थित कान्दरबेड़ा नाव घाट में शुक्रवार को एक युवक का खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
नाव घाट के पास पड़ा मिला शव
स्थानीय लोगों के अनुसार, सुबह नाव घाट के समीप एक युवक का शव पड़ा देखा गया। शव पर खून के निशान मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहचान कराने की प्रक्रिया शुरू की, लेकिन खबर लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी।
यह भी पढ़ें: बिहार के राज्यपाल ने घटाया कारकेड, अब सिर्फ 3 गाड़ियों के साथ चलेगा काफिला
मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारी
घटना की गंभीरता को देखते हुए चांडिल अनुमंडल पदाधिकारी अरविंद कुमार विन्हा, इंस्पेक्टर राजेश सिंह और थाना प्रभारी दिलशान बिरुआ घटनास्थल पहुंचे। अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच में जुटी हुई है। आसपास के क्षेत्र में भी जानकारी जुटाई जा रही है ताकि युवक की पहचान और घटना के कारणों का पता लगाया जा सके।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा
फिलहाल पुलिस इस मामले को संदिग्ध मानकर जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही युवक की मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो पाएगा। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और चर्चा का माहौल बना हुआ है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।