Samachar Post रिपोर्टर,साहिबगंज :झारखंड के साहिबगंज जिले में जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जहां एक युवक को गोली मार दी गई। जिरवाबाड़ी थाना क्षेत्र के अंबाडिया पंचायत के पोलमा गांव में हुई इस वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार, 27 अप्रैल की शाम करीब 7:30 बजे 26 वर्षीय अनिल बेसरा घर लौट रहा था। इसी दौरान पहले से घात लगाए हमलावरों ने उस पर पीछे से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस हमले में उसे दो गोलियां लगीं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
यह भी पढ़ें :धनबाद में प्रिंस खान गैंग पर शिकंजा, शैफी उर्फ मेजर फिर 3 दिन के रिमांड पर
मोबाइल लूटकर आरोपी फरार
घटना के बाद हमलावर पीड़ित का मोबाइल और सामान लेकर मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है और हालत गंभीर बनी हुई है।
SIT गठित, दो आरोपी गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया। छापेमारी के दौरान किशुन हांसदा और भीम हांसदा को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों आरोपी उसी गांव के निवासी हैं। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने तीन देसी कट्टा, नौ जिंदा कारतूस और दो खोखा बरामद किए हैं। पूछताछ में खुलासा हुआ कि हमला जमीन विवाद को लेकर किया गया था और इसमें शामिल आरोपी पीड़ित के ही रिश्तेदार हैं। इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है।
Reporter | Samachar Post