Samachar Post रिपोर्टर, रांची :रांची में बढ़ती गर्मी और लगातार बढ़ रही बिजली खपत को देखते हुए बिजली विभाग अब राजधानी की पावर सप्लाई व्यवस्था को मजबूत करने की तैयारी में जुट गया है। शहर के तीन प्रमुख ग्रिड स्टेशन नामकुम, कांके और हटिया की क्षमता बढ़ाने की योजना पर काम शुरू हो गया है। इस अपग्रेड के बाद लोगों को बिजली कटौती, लो-वोल्टेज और बार-बार ट्रिपिंग जैसी समस्याओं से काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें :खूंटी में सनसनी: अंतिम संस्कार के 7 दिन बाद जिंदा लौटा व्यक्ति,अब दफनाए गए शव की पहचान में जुटी पुलिस
बढ़ती आबादी और गर्मी से बढ़ा बिजली पर दबाव
राजधानी रांची में तेजी से आबादी बढ़ रही है। नए अपार्टमेंट, कॉलोनियां और कमर्शियल बिल्डिंग बनने के साथ बिजली की खपत भी लगातार बढ़ती जा रही है। गर्मी बढ़ने के कारण AC, कूलर, फ्रिज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का इस्तेमाल भी पहले की तुलना में काफी ज्यादा हो गया है। इसी वजह से शहर के कई इलाकों में बिजली ग्रिड पर अतिरिक्त दबाव देखने को मिल रहा है। कई बार ओवरलोडिंग के कारण फॉल्ट, ट्रिपिंग और बिजली बाधित होने की शिकायतें सामने आती रही हैं।
नामकुम, कांके और हटिया ग्रिड का होगा अपग्रेड
बिजली विभाग की योजना के तहत शहर के तीन बड़े ग्रिड स्टेशन नामकुम, कांके और हटिया को अपग्रेड किया जाएगा। अधिकारियों के मुताबिक इन ग्रिडों में लगे ट्रांसफॉर्मरों की क्षमता बढ़ाई जाएगी ताकि बढ़ते लोड को आसानी से संभाला जा सके। फिलहाल हटिया और नामकुम ग्रिड में 50 MVA क्षमता वाले ट्रांसफॉर्मर लगे हुए हैं। अब इनमें से कुछ ट्रांसफॉर्मरों को अपग्रेड कर 80 MVA क्षमता का बनाया जाएगा। इससे बिजली आपूर्ति क्षमता में बड़ा इजाफा होगा और सप्लाई सिस्टम पहले से ज्यादा मजबूत बनेगा।
लो-वोल्टेज और ट्रिपिंग की समस्या होगी कम
रांची के कई इलाकों में गर्मी के मौसम में लो-वोल्टेज की समस्या आम हो जाती है। लोगों को पंखा, कूलर, मोटर और अन्य उपकरण सही तरीके से नहीं चलने की शिकायत रहती है। ग्रिड क्षमता बढ़ने के बाद बिजली सप्लाई ज्यादा स्थिर होने की उम्मीद है। इससे बार-बार होने वाली ट्रिपिंग कम होगी और उपभोक्ताओं को बेहतर वोल्टेज मिलेगा। खासकर शाम के पीक आवर में बिजली व्यवस्था पहले से बेहतर हो सकती है।
मानसून को लेकर भी विभाग अलर्ट
बिजली विभाग सिर्फ गर्मी ही नहीं, बल्कि आने वाले मानसून को देखते हुए भी तैयारी कर रहा है। बारिश के दौरान अक्सर लाइन फॉल्ट, ट्रांसफॉर्मर पर दबाव और ओवरलोडिंग की समस्या बढ़ जाती है। ऐसे में पहले से ग्रिड सिस्टम मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है। नामकुम, कांके और हटिया ग्रिड को रांची शहर की बिजली व्यवस्था की रीढ़ माना जाता है। इनकी क्षमता बढ़ने से राजधानी के लाखों घरेलू और व्यावसायिक उपभोक्ताओं को सीधा फायदा मिलेगा।
Reporter | Samachar Post