रांची में वाहन चेकिंग के दौरान बड़ा खुलासा, ब्राउन शुगर और चोरी की बाइक के साथ तीन युवक गिरफ्तार

Meenu | May 31, 2026 | 02:17 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची :राजधानी रांची के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र में वाहन जांच अभियान के दौरान पुलिस ने नशे के कारोबार से जुड़े एक मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार कर उनके पास से 0.90 ग्राम ब्राउन शुगर और एक चोरी की बाइक बरामद की है। मामले में तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, जबकि मुख्य सप्लायर की तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार, जगन्नाथपुर थाना की गश्ती टीम मंदिर परिसर के पास नियमित वाहन जांच कर रही थी। इसी दौरान एक बाइक पर सवार तीन युवक पुलिस को देखकर अचानक दिशा बदलकर भागने लगे। उनकी संदिग्ध गतिविधि को देखते हुए पुलिस ने पीछा कर तीनों को पकड़ लिया।

यह भी पढ़ें :पलामू के चर्चित विनीत तिवारी हत्याकांड में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, फरार आरोपियों के घर चस्पा किया गया इश्तेहार

तलाशी में मिली ब्राउन शुगर

पकड़े गए युवकों से पूछताछ के दौरान उनके जवाब संदिग्ध पाए गए। इसके बाद तलाशी लेने पर दो युवकों के पास से कुल 0.90 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई। बरामदगी के बाद पुलिस ने सभी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की, जिसमें नशे के कारोबार से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए।

चोरी की बाइक भी निकली

जांच के दौरान युवकों की बाइक के दस्तावेजों की भी जांच की गई। सत्यापन में बाइक चोरी की पाई गई, जिसके बाद उसे जब्त कर लिया गया। पुलिस अब बाइक की चोरी से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शमशाद अंसारी, इम्तियाज अंसारी और मोहम्मद माजिद के रूप में हुई है। तीनों जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के हेसाग हटिया मस्जिद बस्ती के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

पूछताछ में सामने आया सप्लायर का नाम

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे पुंदाग क्षेत्र के रहने वाले खाजा नामक व्यक्ति से ब्राउन शुगर खरीदते थे। आरोपियों के अनुसार, खाजा इलाके में नशीले पदार्थों की सप्लाई करता है और वह 500 रुपये में ब्राउन शुगर बेचता था। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने खाजा के संभावित ठिकानों पर छापेमारी भी की, लेकिन वह पुलिस के पहुंचने से पहले फरार हो गया।

मुख्य आरोपी की तलाश जारी

जगन्नाथपुर थाना पुलिस ने खाजा के खिलाफ भी मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। साथ ही पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है ताकि नशे के कारोबार में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा सके। पुलिस ने नागरिकों से भी अपील की है कि यदि उन्हें नशे के कारोबार से जुड़ी कोई जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि ऐसे अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

Share this news

संबंधित खबरें