Samachar Post रिपोर्टर, पलामू: छतरपुर झारखंड के पलामू जिले में 25 हजार रुपये के लेन-देन का विवाद एक पारा शिक्षक की हत्या की वजह बन गया। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए मृतक के पुराने परिचित को गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल फरसा, मृतक का मोबाइल फोन, वारदात के समय पहने गए कपड़े और बाइक भी बरामद कर ली गई है। मृतक की पहचान छतरपुर थाना क्षेत्र के चिल्हो खुर्द निवासी 50 वर्षीय उदय सिंह के रूप में हुई है। 28 मई को धारदार हथियार से उनकी हत्या की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की थी। मृतक की पत्नी की लिखित शिकायत पर छतरपुर थाना में कांड संख्या 83/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।
एसडीपीओ के नेतृत्व में बनी टीम ने सुलझाई गुत्थी
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी कपिल चौधरी के निर्देश पर छतरपुर एसडीपीओ प्रशांत कुमार के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित की गई। तकनीकी और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने सुरेंद्र यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार कर ली। जांच में सामने आया कि सुरेंद्र यादव और उदय सिंह पुराने परिचित थे। दोनों पारा शिक्षक के रूप में कार्य कर चुके थे, जिसके दौरान उनकी दोस्ती हुई थी। इसी बीच दोनों के बीच पैसों का लेन-देन भी हुआ था।
यह भी पढ़ें: झारखंड कांग्रेस में प्रवक्ताओं की नियुक्ति 6 माह की प्रोबेशन पर, प्रदर्शन के बाद होगा अंतिम चयन

उधारी और कथित अपमान बना हत्या की वजह
पुलिस के अनुसार, करीब छह महीने पहले उदय सिंह ने सुरेंद्र यादव को 25 हजार रुपये उधार दिए थे। बाद में उदय सिंह ने उससे ब्याज सहित 50 हजार रुपये लौटाने की मांग की। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। पूछताछ में आरोपी ने दावा किया कि घटना से करीब एक सप्ताह पहले उदय सिंह ने उसका अपमान किया था। इसी रंजिश में उसने साजिश रचकर फरसे से हमला कर उदय सिंह की हत्या कर दी। गिरफ्तार आरोपी सुरेंद्र यादव छतरपुर थाना क्षेत्र के नाग बाबा इलाके का रहने वाला है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। मामले के खुलासे के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और लोग इस वारदात को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।
