Samachar Post रिपोर्टर,पलामू :पलामू जिले के हरिहरगंज थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब सड़क किनारे एक अज्ञात युवक का खून से लथपथ शव बरामद किया गया। शव मिलने की खबर फैलते ही इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई और आसपास दहशत का माहौल बन गया। यह घटना हरिहरगंज शहरी क्षेत्र के वैद्य बिगहा मोहल्ला स्थित आंगनबाड़ी केंद्र के पीछे की बताई जा रही है। स्थानीय लोगों ने जब शव देखा तो युवक के सिर और चेहरे पर धारदार हथियार से वार के गहरे निशान पाए गए। शव की स्थिति को देखकर लोगों ने हत्या की आशंका जताई है। घटना की सूचना मिलते ही हरिहरगंज पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। फिलहाल मृत युवक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों से संपर्क कर पहचान करने का प्रयास कर रही है।
यह भी पढ़ें :पलामू में दो पक्षों के बीच खूनी भिड़ंत, एक की गई जान
हत्या के बाद शव फेंके जाने की आशंका
प्रारंभिक जांच में पुलिस को मामला संदिग्ध लग रहा है। शरीर पर मिले गंभीर चोट के निशानों को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि युवक की कहीं और हत्या करने के बाद शव को सुनसान इलाके में फेंका गया हो सकता है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
इलाके के लोगों ने की जल्द कार्रवाई की मांग
घटना के बाद स्थानीय लोगों में डर और आक्रोश दोनों देखने को मिल रहा है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से जल्द मामले का खुलासा करने और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
Reporter | Samachar Post