जामताड़ा में टोटो चालक पर लड़कियों से बदसलूकी का आरोप, लोगों ने की पिटाई

Meenu | May 23, 2026 | 03:46 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर,जामताड़ा :जामताड़ा के श्रीरामपुर इलाके में लड़कियों से कथित बदसलूकी का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक टोटो चालक ने तीन लड़कियों के साथ अश्लील बातें कीं और उन्हें जबरन जंगल ले जाने की धमकी दी। घटना के बाद गुस्साए स्थानीय लोगों ने आरोपी चालक की जमकर पिटाई कर दी और बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

यह भी पढ़ें :शादी टूटने का गुस्सा बना हत्या की वजह, बेटे ने पिता को मार डाला

रेलवे स्टेशन से बुक किया था टोटो

जानकारी के अनुसार तीन लड़कियां जामताड़ा रेलवे स्टेशन से दक्षिण बहाल के नवाडीह गांव जाने के लिए टोटो में सवार हुई थीं। इसी दौरान श्रीरामपुर स्थित डीसी आवास के पास चालक ने कथित रूप से लड़कियों से अश्लील बातें करनी शुरू कर दीं। आरोप है कि चालक उन्हें तय स्थान तक पहुंचाने के बजाय रास्ते में उतारकर बदतमीजी करने लगा। लड़कियों के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए।

अधिक पैसे मांगने और धमकी देने का आरोप

पुलिस सूत्रों के मुताबिक मामले में यह बात भी सामने आई है कि टोटो चालक लड़कियों से तय किराए से ज्यादा पैसे मांग रहा था। जब लड़कियों ने इसका विरोध किया तो उसने उन्हें जंगल ले जाने की धमकी दी। डरी हुई लड़कियों के चिल्लाने पर स्थानीय लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी।

पुलिस जांच में जुटी

मनोज कुमार महतो ने बताया कि मामला पुलिस के संज्ञान में है और पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। हालांकि अभी तक लड़कियों की ओर से थाने में कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस वायरल वीडियो और प्रत्यक्षदर्शियों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

Share this news

संबंधित खबरें