Samachar Post रिपोर्टर, रांची :रांची से गुमला जाने वाले वाहन चालकों को फिर महंगाई का झटका लगा है। मांडर टोल प्लाजा पर एक महीने के भीतर दूसरी बार टोल टैक्स बढ़ा दिया गया है। पहले 1 अप्रैल को प्रति वाहन 5 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी, जबकि अब 1 मई से नई दरें लागू कर दी गई हैं। नई दरों के लागू होने के बाद अलग-अलग वाहनों पर 40 रुपये से लेकर 275 रुपये तक अतिरिक्त बोझ बढ़ गया है। लगातार बढ़ते टोल टैक्स को लेकर वाहन चालकों, ट्रांसपोर्टरों और व्यवसायियों में नाराजगी देखी जा रही है।
यह भी पढ़ें :तमाड़ में पारिवारिक विवाद ने लिया खूनी मोड़, साले ने टांगी से वार कर बहनोई की कर दी हत्या
कार, जीप और वैन के टोल में भारी बढ़ोतरी
मांडर टोल प्लाजा प्रबंधन के अनुसार कार, जीप, वैन और हल्के निजी वाहनों के लिए सिंगल जर्नी का टोल अब 80 रुपये से बढ़ाकर 120 रुपये कर दिया गया है। वहीं सेम डे रिटर्न जर्नी के लिए पहले 115 रुपये देने पड़ते थे, जो अब बढ़कर 180 रुपये हो गया है।
कमर्शियल वाहनों पर बढ़ा ज्यादा बोझ
कमर्शियल और लाइट गुड्स वाहनों के लिए भी टोल दरों में बड़ा इजाफा किया गया है। अब सिंगल जर्नी के लिए 125 रुपये की जगह 195 रुपये देने होंगे, जबकि रिटर्न जर्नी शुल्क 190 रुपये से बढ़ाकर 290 रुपये कर दिया गया है। बस और ट्रक ऑपरेटरों के लिए भी नई दरें महंगी साबित होंगी। पहले सिंगल ट्रिप के लिए 265 रुपये लगते थे, जो अब बढ़कर 405 रुपये हो गए हैं। वहीं रिटर्न जर्नी का शुल्क 395 रुपये से बढ़कर 610 रुपये पहुंच गया है।
भारी वाहनों और ओवरसाइज गाड़ियों पर सबसे ज्यादा असर
थ्री एक्सल कमर्शियल वाहनों के लिए सिंगल जर्नी शुल्क 285 रुपये से बढ़ाकर 445 रुपये कर दिया गया है। वहीं रिटर्न जर्नी का शुल्क अब 665 रुपये हो गया है। चार से छह एक्सल वाले भारी वाहनों के लिए सिंगल ट्रिप 410 रुपये से बढ़कर 635 रुपये और रिटर्न जर्नी 955 रुपये हो गई है। ओवरसाइज वाहनों के लिए सबसे ज्यादा बढ़ोतरी की गई है। अब सिंगल जर्नी के लिए 775 रुपये और रिटर्न जर्नी के लिए 1165 रुपये चुकाने होंगे।
मासिक पास भी हुआ महंगा
रोजाना इस रूट से गुजरने वाले वाहन चालकों को भी राहत नहीं मिली है। सभी श्रेणी के वाहनों के मासिक पास की दरों में भी बढ़ोतरी कर दी गई है। इससे नौकरी, कारोबार और ट्रांसपोर्ट से जुड़े लोगों का खर्च और बढ़ जाएगा।
अब पूरी तरह FASTag से होगा भुगतान
टोल प्लाजा पर भुगतान व्यवस्था में भी बड़ा बदलाव किया गया है। अब 100 फीसदी FASTag आधारित ऑटोमेटिक लेन-देन लागू कर दिया गया है। वाहन नंबर डालकर मैनुअल भुगतान की सुविधा बंद कर दी गई है। टोल प्रबंधन का कहना है कि इस व्यवस्था से ट्रैफिक जाम कम होगा और भुगतान प्रक्रिया तेज होगी। मांडर टोल प्लाजा के साथ-साथ रांची-गुमला मार्ग के पतराचौली टोल प्लाजा पर भी टोल दरों में बढ़ोतरी की गई है।
Reporter | Samachar Post