Samachar Post रिपोर्टर,कोडरमा :कोडरमा जिले में सोमवार सुबह एक 55 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। तिलैया-जयनगर मुख्य मार्ग स्थित लाराबाद के पास एक ढाबे के पीछे खेत में शव मिलने की सूचना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। मृतक की पहचान गरहाई निवासी रामजी यादव (55) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह बालू गाड़ियों में मजदूरी का काम करते थे।
यह भी पढ़ें :जमशेदपुर में ट्रिपल मर्डर से सनसनी, रिटायर्ड कर्मचारी ने पत्नी, गर्भवती बेटी और बेटे की हत्या की
खेत में बेसुध पड़े मिले, पास जाने पर हुई मौत की पुष्टि
जानकारी के अनुसार, पिपराडीह गांव के कुछ लोग सुबह टहलने के लिए खेत की ओर गए थे। इसी दौरान उनकी नजर खेत में पड़े एक व्यक्ति पर पड़ी। शुरुआत में लोगों को लगा कि व्यक्ति बेहोश है या तबीयत खराब होने के कारण गिर पड़ा है, लेकिन पास जाकर देखने पर पता चला कि उसकी मौत हो चुकी है। इसके बाद ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस, शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की जानकारी मिलते ही कोडरमा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। मामले की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंचे, जिसके बाद परिवार में मातम का माहौल बन गया।
जहरीला पदार्थ मिलने से बढ़ी आत्महत्या की आशंका
पुलिस जांच के दौरान घटनास्थल से मृतक के सामान के साथ एक जहरीला पदार्थ भी बरामद हुआ है। इसके बाद इलाके में आत्महत्या की आशंका को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। हालांकि पुलिस फिलहाल किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है और हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा
कोडरमा थाना प्रभारी विकास पासवान ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मामला आत्महत्या का है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। पुलिस मृतक के परिवार और आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है।
Reporter | Samachar Post