Samachar Post रिपोर्टर, जमशेदपुर: जमशेदपुर के एग्रिको इलाके में सोमवार सुबह दिल दहला देने वाली ट्रिपल मर्डर की घटना सामने आई। एक रिटायर्ड कर्मचारी ने कथित तौर पर अपनी पत्नी, गर्भवती बेटी और बेटे की हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी पूरी रात शवों के साथ घर में मौजूद रहा और सुबह खुद पुलिस को फोन कर घटना की जानकारी दी। यह घटना एग्रिको स्थित क्वार्टर नंबर L5/13 की है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक आरोपी ने रविवार रात ही तीनों की हत्या कर दी थी।
खुद डायल-100 पर कॉल कर दी सूचना
घटना की जानकारी मिलने के बाद झारखंड पुलिस की सिदगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। घर की तलाशी के दौरान पुलिस ने तीन शव बरामद किए। मृतकों की पहचान सरिता सिंह (55), उनकी गर्भवती बेटी सुप्रिया सिंह (31) और बेटे रविशेक कुमार (30) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान रविन्द्र प्रसाद सिंह के रूप में हुई है, जो टाटा स्टील से इसी वर्ष फरवरी में सेवानिवृत्त हुआ था। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। स्थानीय लोग इस हत्याकांड से स्तब्ध हैं।
यह भी पढ़ें: रामगढ़ में नकली होलोग्राम से विदेशी शराब बेचने का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार
पारिवारिक विवाद की आशंका
मामले की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है, जो घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है। पुलिस शुरुआती जांच में पारिवारिक विवाद को हत्या की संभावित वजह मान रही है। बताया जा रहा है कि रिटायरमेंट के बाद से परिवार में तनाव और विवाद की स्थिति बनी हुई थी। हालांकि पुलिस ने अभी आधिकारिक रूप से हत्या के कारण की पुष्टि नहीं की है।
पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास के आवास के पास हुई घटना
यह सनसनीखेज वारदात पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास के निजी आवास के पास हुई, जिससे इलाके में भय और चर्चा का माहौल है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मामले का पूरा खुलासा किया जाएगा।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।