Samachar Post रिपोर्टर,खूंटी :खूंटी जिले में नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। खूंटी-गुमला सीमा पर रनिया थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से 50 बोरा डोडा बरामद किया है। तस्करों ने पुलिस को चकमा देने के लिए डोडा को भूसे के नीचे छिपाकर रखा था, लेकिन जांच के दौरान पूरा मामला सामने आ गया। पुलिस के मुताबिक गुप्त सूचना मिली थी कि एक ट्रक के जरिए भारी मात्रा में डोडा की तस्करी की जा रही है। सूचना के बाद खूंटी-गुमला बॉर्डर पर वाहन जांच अभियान चलाया गया। इसी दौरान एक संदिग्ध ट्रक को रोककर तलाशी ली गई। शुरुआत में ट्रक भूसे से लदा दिखाई दे रहा था, लेकिन पुलिस को शक होने पर गहराई से जांच की गई। तलाशी के दौरान भूसे के नीचे छिपाकर रखे गए 50 बोरा डोडा बरामद किए गए। इसके बाद पुलिस ने तुरंत ट्रक को जब्त कर लिया।
यह भी पढ़ें :सरायकेला के कपाली में गौ तस्करी का मामला, ग्रामीणों ने वाहन पकड़कर किया हंगामा
पुलिस को चकमा देकर फरार हुए तस्कर
कार्रवाई शुरू होते ही ट्रक चालक और माल लेने पहुंचा एक अन्य व्यक्ति मौके से फरार हो गया। पुलिस अब फरार आरोपियों की पहचान करने और पूरे तस्करी नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। प्रारंभिक जांच में अंतरजिला नशा तस्करी गिरोह के सक्रिय होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि डोडा की खेप कहां से लाई जा रही थी और इसे किस जगह पहुंचाया जाना था।
नशा तस्करी के खिलाफ लगातार कार्रवाई
खूंटी और आसपास के इलाकों में पिछले कुछ महीनों से नशा तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस ताजा कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि तस्कर नए-नए तरीके अपनाकर अवैध कारोबार को अंजाम देने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन पुलिस भी अब पूरी तरह अलर्ट मोड में है।
Reporter | Samachar Post