Samachar Post रिपोर्टर,रांची :मई की शुरुआत के साथ ही झारखंड का मौसम अचानक बदल गया है। हाल के दिनों तक जहां भीषण गर्मी लोगों को परेशान कर रही थी, वहीं अब साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से ठंडी हवाएं और बादलों ने राहत दी है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में 9 मई तक तापमान में गिरावट का सिलसिला जारी रह सकता है।
4 और 5 मई को तेज तूफान और बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने 4 और 5 मई के लिए विशेष चेतावनी जारी की है। इन दिनों राज्य के कई इलाकों में मौसम तेजी से करवट ले सकता है। आसमान में घने बादल छाए रहेंगे और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इसके साथ ही मेघ गर्जन, वज्रपात और हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी
4 मई को रांची, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, जामताड़ा, दुमका, देवघर, गोड्डा, साहिबगंज और पाकुड़ में बादल गरजने और तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश के आसार हैं। वहीं 5 मई को रांची के साथ खूंटी, हजारीबाग, पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला सहित कई जिलों में आंधी की रफ्तार 50–60 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। इसी को देखते हुए मौसम विभाग ने इन इलाकों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
तापमान में गिरावट, कई शहरों में राहत
राज्य के कई हिस्सों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। रांची का अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि मेदिनीनगर सबसे गर्म स्थान रहा जहां पारा 38.5 डिग्री तक पहुंचा। जमशेदपुर और गुमला में 34.9 डिग्री, खूंटी में 32.2 डिग्री और लोहरदगा में 35.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। इसके अलावा हजारीबाग, लातेहार, कोडरमा और बोकारो सहित अन्य जिलों में भी तापमान सामान्य से नीचे रहा, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है।
Reporter | Samachar Post