Samachar Post रिपोर्टर, रांची :झारखंड समेत राजधानी रांची में इन दिनों भीषण गर्मी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। सुबह से ही तेज धूप और उमस लोगों को परेशान कर रही है, जबकि दोपहर होते-होते गर्म हवाओं के थपेड़ों ने जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है। गर्मी का असर इतना बढ़ गया है कि दोपहर के समय सड़कें सूनी नजर आ रही हैं और बाजारों में भी सामान्य दिनों की तुलना में भीड़ कम दिखाई दे रही है। लगातार बढ़ते तापमान के कारण लोग घरों में रहने को मजबूर हो रहे हैं।
यह भी पढ़ें :गिरिडीह सदर अस्पताल के बाथरूम में नाबालिग ने दिया बच्चे को जन्म, जांच में जुटी पुलिस
25 मई से शुरू होगा नौतपा
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार 25 मई से 2 जून तक नौतपा का प्रभाव रहेगा। इस दौरान झारखंड के कई जिलों में हीटवेव, तेज गर्म हवाएं और भीषण गर्मी का असर देखने को मिल सकता है। नौतपा को साल का सबसे गर्म दौर माना जाता है, जब सूर्य की किरणें धरती पर अधिक सीधी पड़ती हैं और तापमान तेजी से बढ़ने लगता है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि इस दौरान दिन के साथ-साथ रात के तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है।
रांची का तापमान 42 डिग्री तक पहुंचने की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को रांची का अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। विभाग ने अनुमान जताया है कि आने वाले दिनों में तापमान लगातार बढ़ सकता है। पूर्वानुमान के मुताबिक 23 मई को तापमान 40 डिग्री, 24 मई को 41 डिग्री और 25 मई तक 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। ऐसे में लोगों को लू और गर्मी से बचाव के लिए सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
बिजली कटौती ने बढ़ाई परेशानी
भीषण गर्मी के बीच कई इलाकों में हो रही बिजली कटौती ने लोगों की परेशानियां और बढ़ा दी हैं। खासकर रात के समय बिजली गुल होने से पंखे और कूलर बंद हो जाते हैं, जिससे लोगों को नींद लेने में भी दिक्कत हो रही है। उमस भरी गर्मी और बिजली संकट के कारण बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर नहीं निकलने, पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचाव करने की सलाह दी है। प्रशासन भी हीटवेव को लेकर अलर्ट मोड में है।
Reporter | Samachar Post