Samachar Post रिपोर्टर,रांची :झारखंड में गुरुवार को ईद उल अजहा यानी बकरीद का पर्व पूरे उत्साह, भाईचारे और शांतिपूर्ण माहौल में मनाया गया। सुबह से ही राज्यभर की मस्जिदों और ईदगाहों में नमाजियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। लोगों ने नए कपड़े पहनकर नमाज अदा की और देश-दुनिया में अमन, शांति और खुशहाली की दुआ मांगी। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर बकरीद की मुबारकबाद दी। बच्चों और युवाओं में पर्व को लेकर खास उत्साह देखने को मिला। प्रशासन भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी तरह अलर्ट रहा। संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल की तैनाती की गई थी और लगातार गश्त की जा रही थी।
यह भी पढ़ें :झारखंड में मौसम ने ली करवट, कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं से मिली राहत
सरायकेला-खरसावां में ईदगाहों में जुटी भारी भीड़
सरायकेला-खरसावां जिले में बकरीद का त्योहार शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। खरसावां के बेहरासाही स्थित मदिना मस्जिद और गोंदपुर की मस्जिद निजामुद्दीन में सुबह नमाज अदा की गई। कदमडीहा ईदगाह मैदान में सबसे अधिक भीड़ देखने को मिली। नमाज के दौरान लोगों ने देश में अमन-चैन और खुशहाली की दुआ मांगी। मौके पर प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस बल भी मौजूद रहे। जिले के जामा मस्जिद, कमलपुर, मुड़िया, बालिगुमा, टेंटोपोसी और बालीपोशी समेत कई इलाकों में भी नमाज अदा की गई।
धनबाद में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया पर्व
धनबाद के बलियापुर क्षेत्र में बकरीद का त्योहार उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। लालाडीह ईदगाह मैदान में बड़ी संख्या में लोगों ने सामूहिक नमाज अदा की। नमाज के बाद देश की तरक्की और भाईचारे की दुआ मांगी गई। भिखराजपुर, आमझर, बेलगड़िया, बाघमारा और सिंगियाटांड़ समेत कई इलाकों में भी नमाज अदा की गई। पुलिस प्रशासन पूरे दिन सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए रहा और कहीं से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।
साहिबगंज में शांतिपूर्ण माहौल में हुई नमाज
साहिबगंज जिले में भी बकरीद शांतिपूर्ण तरीके से मनाई गई। ईदगाह परिसर में बड़ी संख्या में लोग नमाज अदा करने पहुंचे। प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस बल सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी तरह मुस्तैद रहे। बरहरवा, बरहेट, पतना, गुमानी और कोटालपोखर समेत कई इलाकों में भी लोगों ने नमाज अदा की। इमामों ने अपने संबोधन में कुर्बानी के महत्व और आपसी भाईचारे का संदेश दिया।
पतरातू में दिखी त्योहार की रौनक
रामगढ़ जिले के पतरातू क्षेत्र में ईद-उल-अजहा का पर्व धार्मिक उत्साह और भाईचारे के साथ मनाया गया। पीटीपीएस मस्जिद कॉलोनी, पतरातू बस्ती, रेलवे कॉलोनी समेत कई इलाकों की मस्जिदों और ईदगाहों में लोगों की भीड़ जुटी। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर बधाई दी। घरों में तरह-तरह के पकवान बनाए गए और लोगों ने रिश्तेदारों के साथ खुशियां साझा कीं।
गिरीडीह में अकीदत के साथ पढ़ी गई नमाज
गिरीडीह जिले के गांडेय प्रखंड के कई मुस्लिम बहुल इलाकों में बकरीद की खास रौनक देखने को मिली। महेशमुण्डा, बड़की टांड़, पांडेयडीह, परमाडीह और फुलजोरी समेत कई गांवों की मस्जिदों और ईदगाहों में नमाज अदा की गई। नमाज के बाद लोगों ने कुर्बानी की रस्म निभाई और एक-दूसरे को पर्व की शुभकामनाएं दीं। प्रशासनिक अधिकारी पूरे दिन सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए रहे।
राजमहल में विधायक ने भी अदा की नमाज
साहिबगंज जिले के राजमहल अनुमंडल मुख्यालय और आसपास के ग्रामीण इलाकों में भी बकरीद का त्योहार धूमधाम से मनाया गया। अकबरी मस्जिद ईदगाह में राजमहल विधायक मो. ताजउद्दीन उर्फ एमटी राजा ने सामूहिक रूप से नमाज अदा की। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर बकरीद की मुबारकबाद दी। विधायक ने लोगों से आपसी प्रेम, भाईचारा और सौहार्द बनाए रखने की अपील की।
Reporter | Samachar Post