Samachar Post रिपोर्टर, रांची: झारखंड में भीषण गर्मी और लू से जूझ रहे लोगों को अब मौसम बदलने से राहत मिलनी शुरू हो गई है। बुधवार से राज्य के कई जिलों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और कई जगहों पर बारिश भी हुई है। ठंडी हवाओं के कारण मौसम पहले की तुलना में काफी सुहाना हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच दिनों तक राज्य में इसी तरह का मौसम बने रहने की संभावना है। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी, वज्रपात और बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
कई जिलों में हुई बारिश
राज्य के विभिन्न हिस्सों में बुधवार को अच्छी बारिश दर्ज की गई। खूंटी में सबसे अधिक 30 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा बोकारो में 16 मिमी और जमशेदपुर में करीब 5 मिमी बारिश दर्ज की गई। राजधानी रांची में भी कई इलाकों में हल्की बारिश हुई, जिससे उमस और गर्मी से राहत मिली। मेदिनीनगर में फिलहाल गर्मी का असर बना हुआ है। यहां तापमान 43.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो राज्य में सबसे अधिक है। हालांकि मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि जल्द ही यहां भी तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी।
यह भी पढ़ें: रांची पुलिस को बड़ी सफलता, शादी में शामिल होने से पहले दबोचा गया 1 लाख का इनामी अमृत होरो
मौसम बदलाव की वजह
मौसम विभाग के अनुसार, यह बदलाव दो टर्फ सिस्टम (साइक्लोनिक सर्कुलेशन) की वजह से हुआ है। एक सिस्टम उत्तरी बिहार से तेलंगाना की ओर और दूसरा उत्तर प्रदेश से ओडिशा की ओर सक्रिय है। इसी वजह से झारखंड में दक्षिण-पूर्वी हवाएं चल रही हैं, जिससे तापमान में गिरावट आई है।
अगले कुछ दिनों तक अलर्ट
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 28 से 30 मई के बीच कई जिलों में तेज गर्जन, आंधी और वज्रपात की संभावना है। 31 मई से 2 जून तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। लोगों से अपील की गई है कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें और सुरक्षित स्थान पर ही रहें।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।