NEET परीक्षा में गड़बड़ी का आरोप: नेशनल टॉपर शांभवी ने NTA से PMO तक की शिकायत

Rupa Kumari | May 4, 2026 | 12:19 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, जमशेदपुर : जमशेदपुर में आयोजित NEET UG 2026 परीक्षा को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। CISCE बायोसाइंस की नेशनल टॉपर और सेक्रेड हार्ट कॉन्वेंट स्कूल की छात्रा शांभवी तिवारी ने परीक्षा के दौरान व्यवधान और नियमों के उल्लंघन का आरोप लगाया है। इस मामले में NTA से लेकर PMO तक शिकायत दर्ज कराई गई है।

“परीक्षा के दौरान बार-बार किया गया डिस्टर्ब”

आरोप है कि गोलमुरी स्थित एबीएम कॉलेज केंद्र पर परीक्षा के दौरान निरीक्षकों द्वारा लगातार छात्रों को डिस्टर्ब किया गया। दोपहर 2 से 5 बजे के बीच बार-बार चेकिंग और हस्तक्षेप से छात्रों पर मानसिक दबाव बना। छात्रा के परिजनों का कहना है कि परीक्षा के दौरान कई बार थंब इम्प्रेशन लिया गया और अलग-अलग जगहों पर साइन कराए गए, जबकि ये प्रक्रियाएं परीक्षा शुरू होने से पहले या बाद में होनी चाहिए थीं। इससे परीक्षा का माहौल प्रभावित हुआ।

यह भी पढ़ें: पलामू में NEET-UG परीक्षा में बड़ी लापरवाही, 5 घंटे देरी से मिला प्रश्न-पत्र; रात तक चली परीक्षा

15-20 मिनट बर्बाद, एकाग्रता पर असर

परिजनों के अनुसार, इन प्रक्रियाओं में 15-20 मिनट का समय बर्बाद हुआ, जिससे शांभवी की एकाग्रता टूट गई। दावा है कि वह चार सवाल हल नहीं कर सकी, जबकि उसे उनके जवाब आते थे। आरोप यह भी है कि गाइडलाइन के अनुसार अनुमति होने के बावजूद छात्रों को पारदर्शी बोतल में पानी ले जाने से रोका गया और केंद्र पर भी पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी।

प्रशासन ने आरोपों को बताया निराधार

वहीं, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर राहुल जी आनंद ने इन आरोपों से इनकार किया है। उन्होंने कहा कि वे स्वयं केंद्र पर मौजूद थे और परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष और व्यवस्थित तरीके से कराई गई।

Share this news

संबंधित खबरें