Samachar Post रिपोर्टर, गुमला : गुमला में एक महिला का पारिवारिक विवाद और रिश्तों का मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। महिला ने अपने पूर्व लिव-इन पार्टनर पर मारपीट, प्रताड़ना और 10 हजार रुपये छीनने का आरोप लगाते हुए सदर थाना में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
प्रेम विवाह के बाद बदली जिंदगी
जानकारी के अनुसार, रायडीह थाना क्षेत्र के डुमरटोली निवासी फुलसुंदरी कुमारी ने सदर थाना क्षेत्र के जोराडांड़ निवासी मिनाज नामक युवक से प्रेम विवाह किया था। दोनों करीब चार वर्षों तक साथ रहे और उनके एक बच्चा भी है। बाद में महिला मिनाज को छोड़कर गम्हरिया निवासी अजय महली के साथ रहने लगी। बताया जा रहा है कि दोनों छह से सात वर्षों तक लिव-इन रिलेशन में रहे और उनके भी एक बच्चा है।
यह भी पढ़ें: झारखंड में मेडिकल छात्रों के लिए बड़ी राहत, SNMMCH और MGM मेडिकल कॉलेज में बढ़ीं MBBS की सीटें
महिला ने लगाया प्रताड़ना का आरोप
फुलसुंदरी कुमारी का आरोप है कि अजय महली अक्सर उसके साथ मारपीट करता था और जान से मारने की धमकी देता था। महिला ने दावा किया कि करीब एक वर्ष पहले अजय ने उसकी बेरहमी से पिटाई की थी, जिससे उसका हाथ टूट गया था।लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर महिला चार दिन पहले फिर से अपने पहले पति मिनाज के पास लौट आई।
10 हजार रुपये छीनने का आरोप
महिला के अनुसार, गुरुवार शाम वह मिनाज के साथ शहर में बर्तन खरीदने आई थी। इसी दौरान अजय महली उनका पीछा करते हुए सदर थाना के पास पहुंचा और उसके हाथ से करीब 10 हजार रुपये छीनकर फरार हो गया। घटना के बाद महिला ने सदर थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। वहीं अजय महली का कहना है कि महिला उसके साथ रहेगी या नहीं, इसका फैसला गांव के दरबार में किया जाएगा। पुलिस ने आवेदन के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।