गुमला में डायन-बिसाही के आरोप से बुजुर्ग परिवार प्रताड़ित, मामला पहुंचा थाने

Rupa Kumari | May 16, 2026 | 10:32 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर, गुमला: गुमला थाना क्षेत्र के बरगांव बरवाटोली गांव में डायन-बिसाही के आरोप को लेकर एक परिवार को प्रताड़ित किए जाने का मामला सामने आया है। गांव निवासी 63 वर्षीय विजय गोप ने थाना में आवेदन देकर पुलिस से कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है।

परिवार पर लगाए जा रहे गंभीर आरोप

पीड़ित विजय गोप का आरोप है कि गांव के ही महतो उरांव लगातार उन्हें और उनके परिवार को डायन-बिसाही कहकर मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे हैं। आवेदन में कहा गया है कि महतो उरांव अपनी बेटी और नाती की पूर्व में हुई मौत के लिए विजय गोप और उनके पड़ोसी माडु सिंह व उनकी पत्नी लक्ष्मी देवी को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं। परिवार का कहना है कि इस तरह के आरोपों से उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा प्रभावित हो रही है और गांव में तनाव का माहौल बन गया है।

यह भी पढ़ें: सिमडेगा में युवती को गोली मारने से सनसनी, गंभीर हालत में रांची रेफर

पंचायत में समझौते की कोशिश नाकाम

मामले को बढ़ता देख गांव में ग्राम सभा की बैठक बुलाई गई, जिसमें दोनों पक्षों को बुलाकर समझौते का प्रयास किया गया। ग्रामीणों ने डायन-बिसाही जैसी कुप्रथा को अंधविश्वास बताते हुए भविष्य में इस तरह के आरोप नहीं लगाने की सलाह दी।हालांकि आरोप है कि पंचायत के दौरान महतो उरांव भड़क गए और ग्रामीणों के साथ गाली-गलौज करने लगे। उन्होंने पंचायत की बात मानने से इनकार करते हुए जादू-टोना के कारण मौत होने की बात दोहराई।

पुलिस से सुरक्षा की मांग

पंचायत में मामला नहीं सुलझने के बाद विजय गोप ने थाना पहुंचकर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित परिवार ने पुलिस से सुरक्षा उपलब्ध कराने की भी गुहार लगाई है। घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Share this news

संबंधित खबरें