Samachar Post रिपोर्टर,गिरिडीह :गिरिडीह जिले के जमुआ प्रखंड स्थित जारीडीह गांव में संचालित इंडियन पब्लिक स्कूल को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। भीषण गर्मी के बीच स्कूल खुले रहने पर स्थानीय लोगों ने सवाल उठाए हैं। क्षेत्र में तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है। ऐसे में लोगों का कहना है कि स्कूल संचालन जारी रखना बच्चों की सेहत के लिए खतरनाक साबित हो सकता है।
यह भी पढ़ें :जमशेदपुर के बारीडीह में महिला से चेन छिनतई, पीछा करने पर बदमाशों ने दिखाई पिस्तौल
सरकारी शिक्षक पर निजी स्कूल चलाने का आरोप
जानकारी के मुताबिक स्कूल संचालक महेंद्र वर्मा एक सरकारी शिक्षक भी बताए जा रहे हैं। आरोप है कि इसके बावजूद वे विभागीय नियमों की अनदेखी करते हुए निजी स्कूल का संचालन कर रहे हैं। स्थानीय स्तर पर इस मामले को शिक्षा विभाग के नियमों के उल्लंघन से जोड़कर देखा जा रहा है। लोगों का कहना है कि सरकारी पद पर रहते हुए निजी स्कूल चलाना गंभीर मामला है और इसकी जांच होनी चाहिए। सूत्रों के अनुसार “इंडियन पब्लिक स्कूल” नाम से दो अलग-अलग स्थानों पर स्कूल संचालित किए जाने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि एक स्कूल जारीडीह गांव में संचालित है और दूसरा तारा चुगलो गांव के पास तारा गांव में चल रहा है। इनमें से एक स्कूल का यू-डाइस कोड 20060501403 बताया जा रहा है।
शिक्षा विभाग की भूमिका पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों का आरोप है कि शिक्षा विभाग को पूरे मामले की जानकारी होने के बावजूद अब तक कोई सख्त कार्रवाई नहीं की गई है। लोगों का कहना है कि भीषण गर्मी में स्कूल खुला रखना और नियमों की अनदेखी करते हुए संचालन जारी रहना विभागीय निगरानी और प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। स्थानीय लोगों ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है।
Reporter | Samachar Post