Samachar Post रिपोर्टर, गिरिडीह: झारखंड के गिरिडीह में पेट्रोल और डीजल की किल्लत ने आम लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। शुक्रवार सुबह शहर के कई पेट्रोल पंपों पर ‘पेट्रोल के लिए क्षमा करें’ के बोर्ड लगाए गए, जबकि कई जगहों पर तेल खत्म होने से पंपों को अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा। शहर में पेट्रोल की कीमत 101.65 रुपये प्रति लीटर और डीजल 96.45 रुपये प्रति लीटर पहुंच चुकी है। हाल के दिनों में ईंधन की कीमतों में करीब 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है, जिसके बाद अब सीमित आपूर्ति ने हालात और मुश्किल बना दिए हैं।
यह भी पढ़ें: NEET री-एग्जाम में छात्रों को मिलेगा 15 मिनट अतिरिक्त समय, अगले साल से ऑनलाइन होगी परीक्षा
पंपों पर लगी लंबी कतारें
सुबह से ही कई पेट्रोल पंपों पर वाहनों की लंबी लाइनें देखने को मिलीं। सीमित स्टॉक के कारण कई पंप संचालक तय मात्रा में ही पेट्रोल और डीजल दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि शहर के डालमिया पेट्रोल पंप पर पेट्रोल और डीजल पूरी तरह खत्म हो जाने के बाद पंप को अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा। ईंधन संकट के कारण रोजाना यात्रा करने वाले लोगों, निजी वाहन चालकों और व्यावसायिक वाहनों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई लोग घंटों लाइन में लगने के बाद भी बिना तेल भराए लौटते नजर आए।
प्रशासन से जल्द समाधान की मांग
लगातार बिगड़ती स्थिति के बीच स्थानीय लोगों ने प्रशासन और तेल कंपनियों से जल्द नियमित आपूर्ति बहाल करने की मांग की है, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके। फिलहाल शहर में ईंधन संकट को लेकर लोगों में चिंता और नाराजगी दोनों देखने को मिल रही है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।