Samachar Post रिपोर्टर, गिरिडीह : झारखंड के गिरिडीह जिले में जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पचंबा थाना क्षेत्र के सुंदरटांड़ में कथित जमीन विवाद के दौरान 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल है, वहीं परिजनों ने पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए हैं। मृतका की पहचान पोथवा देवी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह पोथवा देवी के परिवार की खतियानी जमीन पर बाउंड्री वॉल का निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोग वहां पहुंचे और जमीन पर अपना दावा जताते हुए काम रुकवा दिया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। मामला बढ़ने पर पुलिस को सूचना दी गई। बताया जा रहा है कि पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाकर समाधान का आश्वासन दिया था।
घर में घुसकर हमला करने का आरोप
परिजनों का आरोप है कि शाम के समय विवाद फिर बढ़ गया। उनका कहना है कि दूसरे पक्ष के लोग लाठी-डंडों के साथ घर में घुस आए और परिवार के सदस्यों, खासकर महिलाओं के साथ मारपीट की। इसी दौरान पोथवा देवी गिर पड़ीं और बेहोश हो गईं। आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
यह भी पढ़ें: आधी रात जंगली हाथी का हमला, सरायकेला में घर तोड़ महिला को किया घायल
पुलिस पर लापरवाही का आरोप
मृतका के परिजनों का कहना है कि सुबह से ही तनाव की जानकारी पुलिस को दे दी गई थी, लेकिन समय रहते पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई। उनका आरोप है कि यदि पुलिस ने सक्रियता दिखाई होती, तो घटना टाली जा सकती थी। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी नाराजगी देखी जा रही है और पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाए जा रहे हैं।
जांच में जुटी पुलिस
पचंबा थाना पुलिस का कहना है कि सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्थिति और स्पष्ट होगी। साथ ही दोषियों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस नजर बनाए हुए है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।