- सोशल मीडिया पर दोस्ती कर बुलाया घर, नशीला पदार्थ देकर बनाया वीडियो; गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी
Samachar Post रिपोर्टर, धनबाद: झारखंड के धनबाद जिले में हनीट्रैप का सनसनीखेज मामला सामने आया है। लोयाबाद थाना क्षेत्र में एक महिला ने सोशल मीडिया के जरिए एक व्यवसायी को जाल में फंसाकर उससे लाखों रुपये वसूल लिए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है।
घर बुलाकर रची साजिश
जानकारी के अनुसार, सरायढेला निवासी एक व्यवसायी की आरोपी महिला से सोशल मीडिया पर पहचान हुई थी। 28 अप्रैल को महिला ने उसे लोयाबाद स्थित अपने घर बुलाया, जहां उसे नशीला पदार्थ देकर बेहोश कर दिया गया। इसके बाद एक युवती के साथ आपत्तिजनक स्थिति में उसका वीडियो बनाया गया।
यह भी पढ़ें: JPSC-PT परीक्षा 10 मई को, दो शिफ्ट में होगा एग्जाम
वीडियो वायरल की धमकी देकर वसूली
घटना के बाद गिरोह के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर पैसे की मांग की। डर के कारण पीड़ित से करीब 4 लाख रुपये वसूले गए, जबकि कुल 10 लाख रुपये की मांग की गई थी। आरोपियों ने पीड़ित के बैंक खाते से ऑनलाइन ट्रांजैक्शन के जरिए पैसे निकाले और गहने भी अपने कब्जे में ले लिए।
गिरोह में कई लोग शामिल
पुलिस जांच में सामने आया है कि इस गैंग में कई युवक-युवतियां शामिल हैं, जो इसी तरह लोगों को निशाना बनाते हैं। आरोपी महिला के पति समेत अन्य लोगों को भी नामजद किया गया है। लोयाबाद थाना प्रभारी टीकू प्रसाद ने बताया कि गिरफ्तार महिला को जेल भेज दिया गया है और बाकी आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस की अपील
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से सावधानी बरतें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना दें। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क का खुलासा करने में जुटी है और जल्द ही अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की संभावना है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।