Samachar Post रिपोर्टर, रांची :झारखंड समेत कई राज्यों के रेल यात्रियों के लिए बड़ी खबर है। चक्रधरपुर मंडल, बिलासपुर मंडल और मुरी स्टेशन पर चल रहे विकास कार्यों और मेगा ब्लॉक के कारण करीब 27 ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हुआ है। रेलवे के अनुसार कई ट्रेनें अलग-अलग तारीखों में रद्द रहेंगी, जबकि कुछ ट्रेनों का संचालन आंशिक रूप से प्रभावित होगा। रेलवे ने बताया कि ट्रैक अपग्रेडेशन, सिग्नल सिस्टम सुधार, मेंटेनेंस और ट्रैफिक पावर ब्लॉक के तहत ये काम किए जा रहे हैं। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अस्थायी रूप से ट्रेन सेवाओं में बदलाव किया गया है।
यह भी पढ़ें :कोडरमा में वज्रपात का कहर, एक ही परिवार के तीन लोगों की दर्दनाक मौत
मुरी स्टेशन पर काम से कई ट्रेनें प्रभावित
मुरी स्टेशन पर चल रहे विकास कार्यों के कारण रांची रेलमंडल की कई ट्रेनें पहले से प्रभावित हैं। 9 मई तक हटिया-आदित्यपुर-हटिया एक्सप्रेस, हटिया-खड़गपुर-हटिया एक्सप्रेस, रांची-खड़गपुर-रांची एक्सप्रेस और बोकारो स्टील सिटी-रांची मेमू जैसी ट्रेनें रद्द रहीं। इसके अलावा हटिया-सांकी मेमू की दो सेवाएं भी प्रभावित हुईं। वहीं वर्द्धमान-हटिया मेमू को आंशिक रूप से रद्द किया गया और 9 मई को गोमो-हटिया सेक्शन में इसका संचालन प्रभावित रहेगा।
चक्रधरपुर मंडल में महीनों तक असर
चक्रधरपुर मंडल में कई लंबी दूरी की ट्रेनें जुलाई से नवंबर तक प्रभावित रहेंगी। रेलवे के मुताबिक हैदराबाद-रक्सौल एक्सप्रेस 2 जुलाई से 12 नवंबर तक रद्द रहेगी, जबकि रक्सौल-हैदराबाद एक्सप्रेस 5 जुलाई से 15 नवंबर तक नहीं चलेगी। हटिया-झारसुगुड़ा मेमू भी जुलाई से नवंबर के बीच कई तारीखों में रद्द रहेगी। वहीं टाटानगर-हटिया एक्सप्रेस भी अलग-अलग तारीखों में प्रभावित होगी। इसके अलावा हटिया-पुरी तपस्विनी एक्सप्रेस कई दिनों तक निर्धारित समय से करीब 1 घंटा 20 मिनट की देरी से रवाना होगी।
बिलासपुर मंडल में भी कई ट्रेनें रद्द
बिलासपुर मंडल में मेंटेनेंस कार्य के चलते कई ट्रेनों को रद्द किया गया है। रेलवे के अनुसार पुणे-हटिया एक्सप्रेस 10 और 14 जून को तथा हटिया-पुणे एक्सप्रेस 12 और 15 जून को रद्द रहेगी। गया-एलटीटी और एलटीटी-गया समेत कई लंबी दूरी की ट्रेनों का संचालन भी प्रभावित रहेगा। इसके अलावा जसीडीह, सूरत और अन्य रूटों की कई ट्रेनें भी बाधित रहेंगी। चर्लपल्ली-दरभंगा ट्रेन 9 से 12 जून तक रद्द रहेगी।
रांची-मुरी रेलखंड पर पेड़ गिरने से भी परेशानी
हाल ही में तेज हवा के कारण रांची-मुरी डाउन रेलखंड पर ट्रैक पर पेड़ गिर गया था, जिससे कई ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हुआ। गरीबरथ, मौर्य एक्सप्रेस और धनबाद इंटरसिटी जैसी ट्रेनों को बीच रास्ते में रोकना पड़ा। यात्रियों को करीब 1 से 1.5 घंटे तक देरी का सामना करना पड़ा। बाद में रेलवे टीम ने पेड़ हटाकर ट्रैक साफ किया और परिचालन सामान्य किया गया। रेलवे ने यात्रियों से यात्रा से पहले अपनी ट्रेन का स्टेटस चेक करने की अपील की है। साथ ही वैकल्पिक रूट और दूसरी ट्रेनों की जानकारी लेकर यात्रा की योजना बनाने की सलाह दी गई है।
Reporter | Samachar Post