Samachar Post रिपोर्टर,बोकारो :बोकारो पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 47 किलो गांजा बरामद किया है। यह गांजा बस के जरिए बिहार भेजा जाने वाला था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने कार्रवाई कर पूरी खेप जब्त कर ली। इस कार्रवाई के बाद नशा तस्करों में हड़कंप मच गया है। पुलिस के मुताबिक, जब्त गांजा की कीमत करीब 5 से 7 लाख रुपये आंकी जा रही है। फिलहाल इस मामले में शामिल तस्करों की तलाश जारी है।
यह भी पढ़ें :मंदिरी नाले पर सड़क का उद्घाटन, सीएम सम्राट चौधरी बोले 48 घंटे में अपराधियों को मिलेगा जवाब
गुप्त सूचना पर बनी विशेष टीम
सिटी डीएसपी आलोक रंजन ने बताया कि 9 मई की शाम एसपी नाथू सिंह मीणा को सूचना मिली थी कि बीएस सिटी थाना क्षेत्र के नया मोड़ बस स्टैंड से गांजे की बड़ी खेप बिहार भेजी जाने वाली है। सूचना मिलते ही एसपी के निर्देश पर सिटी डीएसपी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।
बस स्टैंड पर रखे बोरों से मिला गांजा
छापेमारी के दौरान पुलिस टीम ने नया मोड़ बस स्टैंड स्थित पवनसुत बस पड़ाव पर संदिग्ध अवस्था में रखे दो प्लास्टिक के बोरों की जांच की। तलाशी के दौरान दोनों बोरों से 47 पैकेट में पैक करीब 47 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस का कहना है कि तस्करों की योजना इस खेप को बस के माध्यम से बिहार भेजने की थी।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
इस मामले में बीएस सिटी थाना कांड संख्या 89/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने NDPS एक्ट की धारा 20(b)(ii)(C) के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच के दौरान दो संदिग्ध तस्करों के नाम सामने आए हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
बड़े नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस सिर्फ गांजा बरामदगी तक जांच सीमित नहीं रख रही है। अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि यह खेप कहां से लाई गई थी, बिहार में किसे पहुंचाई जानी थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस को शक है कि इस मामले के तार बड़े नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़े हो सकते हैं।
Reporter | Samachar Post