Samachar Post रिपोर्टर,रांची :महागामा विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को तेज करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। मेहरमा प्रखंड में गोड्डा-पीरपैंती एनएच मार्ग से बिरामचक, दियाजोरी, बलबड्डा पथ होते हुए वीरनगर तक सड़क सुदृढ़ीकरण परियोजना का शिलान्यास किया गया। इस परियोजना की शुरुआत झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने की। करीब 1.47 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली यह सड़क लंबे समय से स्थानीय लोगों की मांग रही थी। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की जर्जर स्थिति के कारण लोगों को आवागमन में काफी परेशानी होती थी। बरसात के मौसम में हालात और भी खराब हो जाते थे। नई सड़क बनने के बाद गांवों के बीच संपर्क बेहतर होगा और लोगों को आने-जाने में सुविधा मिलेगी।
यह भी पढ़ें :रांची से होगी फैक्ट्रियों की लाइव मॉनिटरिंग, सुरक्षा नियम तोड़ने वालों पर होगी कार्रवाई : संजय यादव
भुसका पहाड़ को पर्यटन स्थल के रूप में किया जाएगा विकसित
सड़क परियोजना के साथ-साथ क्षेत्र में पर्यटन विकास की दिशा में भी सरकार ने बड़ा ऐलान किया है। दीपिका पांडेय सिंह ने बताया कि भुसका पहाड़ पर जल्द पार्क का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि भगैया ककरघट में विकसित नेचर पार्क को लोगों का अच्छा समर्थन मिला है। उसी मॉडल पर अब भुसका पहाड़ को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। सरकार का मानना है कि इससे क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता को बढ़ावा मिलेगा और पर्यावरण संरक्षण में भी मदद मिलेगी।
युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर
मंत्री ने कहा कि पर्यटन परियोजना से स्थानीय युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर मिलेंगे। पार्क बनने के बाद इलाके में छोटे व्यवसाय, खान-पान की दुकानें, गाइड सेवा और पर्यटन से जुड़ी अन्य गतिविधियां बढ़ेंगी, जिससे स्थानीय लोगों की आय में सुधार हो सकता है। उन्होंने बताया कि भुसका पहाड़ परियोजना की प्रक्रिया अंतिम चरण में है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है।
राइस मिल शुरू होने से किसानों को फायदा
दीपिका पांडेय सिंह ने किसानों के लिए भी राहत भरी खबर दी। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित राइस मिल निर्माण की बाधाएं अब दूर हो चुकी हैं और अगले 6 से 8 महीनों में इसका संचालन शुरू होने की उम्मीद है। राइस मिल शुरू होने के बाद किसानों को धान की बिक्री और प्रसंस्करण के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा, जिससे समय और लागत दोनों की बचत होगी।
गांवों तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने पर जोर
मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सड़क, बिजली, पानी, सिंचाई और रोजगार जैसी बुनियादी सुविधाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि महागामा क्षेत्र में छठ घाट, पोखर, PCC सड़क, खेल मैदान और अन्य आधारभूत सुविधाओं के निर्माण पर भी तेजी से काम चल रहा है।
विकास कार्यों को जमीन पर उतारने का दावा
दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि सरकार सिर्फ घोषणाएं नहीं कर रही, बल्कि योजनाओं को धरातल पर उतारने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सड़क, कृषि, सिंचाई, बिजली और रोजगार के क्षेत्र में तेजी से काम कर गांवों के विकास और लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
Reporter | Samachar Post