Samachar Post रिपोर्टर, रांची: रांची स्थित बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर 20 मई का दिन यात्रियों के लिए खास रहने वाला है। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू इस दिन रांची पहुंचेंगे और एयरपोर्ट पर कई नई यात्री सुविधाओं का उद्घाटन करेंगे। इस दौरे के दौरान एयरपोर्ट पर कई महत्वपूर्ण सुविधाएं शुरू की जाएंगी, जिनका उद्देश्य यात्रियों के अनुभव को और बेहतर बनाना है। इनमें सबसे प्रमुख “उड़ान यात्री कैफे” होगा, जहां यात्रियों को किफायती दरों पर चाय, कॉफी और हल्का नाश्ता उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा बच्चों के लिए विशेष किड्स प्ले जोन भी तैयार किया गया है, जिससे परिवार के साथ यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिलेगी।
यह भी पढ़ें: रांची में पेट्रोल-डीजल के लिए मची अफरा-तफरी, पंपों पर लंबी कतारें, कई जगह सीमित हुई बिक्री
बिरसा मुंडा की प्रतिमा और लोकल आर्ट को बढ़ावा
बिरसा मुंडा एयरपोर्ट परिसर में आदिवासी नायक बिरसा मुंडा की प्रतिमा का अनावरण भी किया जाएगा। साथ ही स्थानीय कलाकारों और झारखंड के उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए एक समर्पित स्पेस भी विकसित किया गया है।

यात्रियों के अनुभव में सुधार पर फोकस
एयरपोर्ट प्रबंधन का उद्देश्य बढ़ती यात्री संख्या को देखते हुए सुविधाओं का लगातार विस्तार करना है। नई योजनाओं से न केवल एयरपोर्ट की सुंदरता बढ़ेगी, बल्कि यात्रियों की सुविधा और यात्रा अनुभव भी अधिक आरामदायक होगा। विशेषज्ञों के अनुसार, यह कदम रांची की एयर कनेक्टिविटी को मजबूत करने के साथ-साथ पर्यटन और व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा देगा। रांची एयरपोर्ट राज्य का प्रमुख हवाई केंद्र होने के कारण यह विकासात्मक बदलाव क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।
