Samachar Post रिपोर्टर, जमशेदपुर: गूगल मैप के सहारे अनजान जलाशय तक नहाने पहुंचे पांच छात्रों में से 12वीं के एक छात्र की डूबने से मौत हो गई। घटना गम्हरिया थाना क्षेत्र स्थित खरकई नदी के गंजिया बराज में बुधवार को हुई। मृतक की पहचान धातकीडीह बी-ब्लॉक, लाइन नंबर-9 निवासी फहद रहमान (17) के रूप में हुई है। वह कदमा स्थित आंध्रा एसोसिएशन इंग्लिश स्कूल में 12वीं का छात्र था। बताया गया कि फहद बुधवार सुबह करीब 6:30 बजे स्कूल जाने के लिए घर से निकला था, लेकिन स्कूल न जाकर अपने दोस्तों आसिफ, अमरान, हसद और हमबन के साथ एक बाइक और एक स्कूटी से पहले सीतारामपुर डैम पहुंचा। वहां पानी कम मिलने पर सभी गूगल मैप की मदद से गंजिया बराज चले गए।
तैरना सीखने की कोशिश बनी जानलेवा
दोस्तों के अनुसार फहद तैराकी सीखना चाहता था और इसी वजह से सभी बराज पहुंचे। वह स्कूल बैग में कपड़े भी साथ लाया था। नदी किनारे लोगों को देखकर उसे भरोसा था कि जरूरत पड़ने पर मदद मिल जाएगी। वह पानी में उतरा, लेकिन अचानक गहरे हिस्से में चला गया और डूबने लगा। दोस्तों के शोर मचाने पर आसपास के लोग पहुंचे और उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर गम्हरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी। मृतक के पिता अताउल्लाह रहमान टेंपो चालक हैं। फहद दो बहनों का इकलौता भाई था। घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
यह भी पढ़ें: सारंडा में डबल संकट: नक्सल ऑपरेशन के बीच मलेरिया का प्रकोप, 5 जवान एयरलिफ्ट
चौका में भी डूबने से मौत
इधर चौका थाना क्षेत्र के पालगम गांव में भी नहाने के दौरान एक व्यक्ति की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान जगदीश महतो (35) के रूप में हुई है। वह घर के पास स्थित नाले में नहाने गया था, जहां गहरे पानी में जाने से डूब गया। ग्रामीणों ने उसे बाहर निकालकर एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।