Samachar Post रिपोर्टर, पलामू : झारखंड के पलामू जिले में बुधवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा टल गया, जब स्कूली छात्राओं को लेकर जा रहा एक ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। दुर्घटना में कई छात्राएं घायल हो गईं, जिनमें से पांच को बेहतर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, उंटारी रोड थाना क्षेत्र के मुरमा गांव के पास यह दुर्घटना हुई। ऑटो में कुल 14 छात्राएं सवार थीं, जो उंटारी रोड स्थित आर.के. गांधी हाई स्कूल जा रही थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मुरमा गांव के समीप चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद ऑटो सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों ने चलाया राहत अभियान
घटना के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और ऑटो में फंसी छात्राओं को बाहर निकाला। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों में पांच छात्राओं की स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए एमएमसीएच में भर्ती कराया गया है। अन्य छात्राओं को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।

यह भी पढ़ें: गिरिडीह में 3 दिन से बिजली गुल, नाराज लोगों ने मकतपुर चौक जाम कर किया प्रदर्शन
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही उंटारी रोड थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दुर्घटना की जानकारी जुटाई। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। इस घटना के बाद छात्राओं के परिजनों में चिंता का माहौल है। वहीं स्थानीय लोगों ने स्कूली वाहनों में सुरक्षा मानकों के पालन और क्षमता से अधिक बच्चों को नहीं बैठाने की मांग की है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

