रांची में आश्रयगृह, पुस्तकालय और वेंडिंग जोन का शिलान्यास, महापौर ने शुरू की कई विकास योजनाएं

Rupa Kumari | April 24, 2026 | 12:13 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची: राजधानी में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए नगर निगम ने कई विकास योजनाओं की शुरुआत की है। महापौर रोशनी खलखो ने शहर के अलग-अलग वार्डों में आश्रयगृह, पुस्तकालय, पाथवे, सड़क और वेंडिंग जोन निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इन योजनाओं से स्थानीय लोगों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।

बूटी मोड़ में बनेगा आश्रयगृह

वार्ड संख्या 5 के बूटी मोड़ क्षेत्र में आश्रयगृह निर्माण कार्य की आधारशिला रखी गई। इसके बनने के बाद जरूरतमंद लोगों को सुरक्षित ठहरने की सुविधा मिल सकेगी। पीएचईडी कॉलोनी स्थित मेड फर्स्ट अस्पताल के पास पाथवे और पीसीसी सड़क निर्माण कार्य का भी शिलान्यास किया गया। इससे स्थानीय लोगों को आवाजाही में राहत मिलेगी और क्षेत्र की यातायात व्यवस्था बेहतर होगी। वार्ड संख्या 4 के मोराबादी स्थित कुसुम विहार में जी+2 पुस्तकालय निर्माण कार्य शुरू किया गया। यह पुस्तकालय खासकर छात्रों के लिए उपयोगी होगा, जहां उन्हें पढ़ाई के लिए शांत और व्यवस्थित माहौल मिलेगा।

यह भी पढ़ें: ट्रेजरी घोटाला: 6 साल के दस्तावेज खंगाले जाएंगे, जांच में आई तेजी

वेंडिंग जोन से फुटपाथ दुकानदारों को सुविधा

वार्ड संख्या 2 में रजिस्ट्री कार्यालय के पास वेंडिंग जोन और बाउंड्री वॉल निर्माण का शिलान्यास किया गया। इससे फुटपाथ दुकानदारों को व्यवस्थित जगह मिलेगी और इलाके में साफ-सफाई भी बेहतर होगी। महापौर ने कहा कि ये सभी योजनाएं शहरवासियों की जरूरतों को ध्यान में रखकर शुरू की गई हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सभी कार्यों को तय समय सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाएगा। इस मौके पर उप महापौर नीरज कुमार, वार्ड पार्षद सविता कच्छप, अमित मुंडा और अवधेश बैठा समेत कई लोग मौजूद रहे।

Share this news

संबंधित खबरें