जगन्नाथपुर मंदिर हत्याकांड का खुलासा: पहचान छिपाने के लिए गार्ड की हत्या

Meenu | April 25, 2026 | 04:25 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची :राजधानी रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र स्थित जगन्नाथपुर मंदिर में सुरक्षा गार्ड की हत्या और दान पेटी चोरी मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस सनसनीखेज मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, मंदिर में चोरी की नीयत से पहुंचे आरोपियों को जब सुरक्षा गार्ड बिरसा मुंडा ने पहचान लिया, तो उन्होंने पकड़े जाने के डर से पत्थर से हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी दान पेटी से नकदी लेकर फरार हो गए।

यह भी पढ़ें :खूंटी में 5 लाख की अफीम जब्त, तीन तस्कर गिरफ्तार

तीन आरोपी गिरफ्तार, नकदी और हथियार बरामद

गिरफ्तार आरोपियों में देव कुमार उर्फ रचित कुमार, विकास महली और आयुष कुमार दत्ता शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से 3 लाख 977 रुपये नकद, खून लगा पत्थर, घटना के समय पहने कपड़े और चोरी में इस्तेमाल किए गए औजार बरामद किए हैं। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि मुख्य आरोपी देव कुमार पहले भी कई आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। वहीं दूसरे आरोपी के खिलाफ भी पूर्व में गंभीर धाराओं में केस दर्ज है।

SIT गठन के बाद खुला मामला

मामले की गंभीरता को देखते हुए राकेश रंजन के निर्देश पर विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया। टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया। पूछताछ में तीनों ने अपराध स्वीकार कर लिया।

मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

इस घटना के बाद जगन्नाथपुर मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। पुलिस ने मंदिर परिसर की सुरक्षा बढ़ाने, CCTV कैमरे बढ़ाने और कंट्रोल रूम स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे भी जांच जारी है। यदि किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है, तो उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Share this news

संबंधित खबरें